दिल्ली में यमुना के बीच होगी क्रूज सफारी, 500 रुपए में 40 मिनट का सफर; जानिए आम लोगों के लिए कब खुलेगी सेवा

अगर आप दिल्ली में रहते हैं या राजधानी घूमने जाने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए एक नया अनुभव मिलने वाला है। अब दिल्ली में यमुना नदी के बीच क्रूज सफारी का आनंद भी ले सकेंगे। इसके लिए 26 अक्टूबर 2026 से रिवर क्रूज सेवा का सॉफ्ट ट्रायल शुरू किया जा रहा है। इस पहल के जरिए लोग यमुना और उसके आसपास के नजारों को एक नए अंदाज में देख सकेंगे।
क्रूज सफारी को दिया गया 'नमो यमुना रिवर सफारी' नाम
यमुना में शुरू होने वाली इस क्रूज सेवा को 'नमो यमुना रिवर सफारी' नाम दिया गया है। फिलहाल इसे ट्रायल के तौर पर चलाया जाएगा। ट्रायल के दौरान सेवा की व्यवस्थाओं और संचालन को परखा जाएगा, ताकि आम लोगों के लिए शुरू करने से पहले जरूरी सुधार किए जा सकें।

जानकारी के मुताबिक, क्रूज का रूट सोनिया विहार से जगतपुर तक तय किया गया है। इस दौरान यात्रियों को यमुना नदी के आसपास के नजारों को करीब से देखने का मौका मिलेगा।
500 रुपए होगा किराया, 40 मिनट की होगी सफारी
क्रूज सफारी के लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपए किराया तय किया गया है। इस टिकट पर यात्री करीब 40 मिनट तक क्रूज में सफर कर सकेंगे। एक बार में अधिकतम 30 यात्रियों को बैठाने की व्यवस्था होगी।

ट्रायल के बाद आम लोगों के लिए होगी शुरुआत
क्रूज सेवा का सॉफ्ट ट्रायल करीब 4 से 5 दिन तक चलने की जानकारी दी गई है। इस दौरान क्रूज के संचालन और अन्य व्यवस्थाओं को परखा जाएगा। ट्रायल पूरा होने के बाद ही इसके उद्घाटन और आम लोगों के लिए सेवा शुरू करने की तारीख तय होगी।




















