लखनऊ में चबूतरे को लेकर खूनी संघर्ष, ताबड़तोड़ फायरिंग में दो की मौत; आरोपी हिरासत में

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता इलाके में आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बरगद के पास चबूतरा बनाने को लेकर हुए विवाद में एक पक्ष ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत नाजुक बनी हुई है।
पिता-पुत्र समेत तीन लोगों को लगी गोली
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बरगद के पास चबूतरा बनाने को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान शिवा तिवारी, उनके भाई शंभू तिवारी और शिवा के बेटे सुयश तिवारी को गोली लग गई। तीनों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो लोगों ने दम तोड़ दिया।
मुख्य आरोपी हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डीसीपी वेस्ट ने बताया कि आपसी विवाद में गोलीबारी की घटना हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। आला अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे हैं। वहीं, दो लोगों की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।




















