रेचल गुप्ता ने लौटाया मिस ग्रैंड इंटरनेशनल का ताज, बोलीं- संगठन को सिर्फ पैसों से मतलब, मुझे ताना मारा गया, माहौल बहुत टॉक्सिक...

Follow on Google News
रेचल गुप्ता ने लौटाया मिस ग्रैंड इंटरनेशनल का ताज, बोलीं- संगठन को सिर्फ पैसों से मतलब, मुझे ताना मारा गया, माहौल बहुत टॉक्सिक...
जालंधर। भारत के लिए मिस ग्रैंड इंटरनेशनल 2024 का खिताब जीतने वाली पहली महिला जालंधर की 20 वर्षीय रेचल गुप्ता ने अपना ताज स्वेच्छा से लौटा दिया है। उन्होंने यह घोषणा एक भावुक वीडियो के जरिए की, जिसमें उन्होंने मिस ग्रैंड इंटरनेशनल संगठन पर मानसिक उत्पीड़न, वादाखिलाफी और टॉक्सिक वातावरण जैसे गंभीर आरोप लगाए। रेचल ने वीडियो में रोते हुए कहा कि यह फैसला उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन वह अब अपने आत्मसम्मान से समझौता नहीं कर सकतीं।

संगठन पर लगाया दुर्व्यवहार का आरोप

रेचल ने बताया कि प्रतियोगिता जीतने के बाद उन्हें अहसास हुआ कि संगठन को महिलाओं की प्रतिभा या मेहनत से नहीं, बल्कि पैसे से मतलब है। उन्होंने कहा, “जीतने के लिए वोट चाहिए होते हैं और इसके लिए देशों से डोनेशन के नाम पर पैसे लिए जाते हैं। मेरे पास पैसे नहीं थे, लेकिन मैं लोगों के समर्थन से जीती। यही बात उन्हें रास नहीं आई।” रेचल का यह बयान ब्यूटी कॉन्टेस्ट की वित्तीय पारदर्शिता और नैतिकता पर भी सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा सिस्टम पे-टू-विन की भावना से चलता है, जहां बिना आर्थिक समर्थन के प्रतिभा दम तोड़ देती है।

पिंच कर कहा गया- यहां से वजन घटाओ

रेचल ने बताया कि जीत के बाद उन्हें लगातार उनके वजन को लेकर ताने दिए गए। एक बार एक प्रतिनिधि उन्हें पिंच करते हुए बोला, “यहां से वजन कम करने की जरूरत है।” रेचल ने इसे बेहद अपमानजनक और असंवेदनशील बताया और कहा कि एक महिला के शरीर को इस तरह से जांचना मानसिक उत्पीड़न की श्रेणी में आता है। उन्होंने आगे कहा कि संगठन किसी मॉडल को इंसान नहीं, बल्कि एक प्रॉडक्ट की तरह ट्रीट करता है, जिसे सिर्फ वैसा दिखना चाहिए जैसा वे चाहते हैं।

संगठन ने कहा- रेचल ने नियमों का उल्लंघन किया

रेचल की प्रतिक्रिया के कुछ घंटों बाद, मिस ग्रैंड इंटरनेशनल संगठन ने भी आधिकारिक बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि रेचल ने अपने निर्धारित कर्तव्यों का पालन नहीं किया, बिना अनुमति के बाहरी प्रोजेक्ट्स में हिस्सा लिया और ग्वाटेमाला की आधिकारिक यात्रा में शामिल होने से इनकार किया। इसी आधार पर संगठन ने उनका खिताब तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया। बयान में यह भी कहा गया कि अब रेचल को इस खिताब या क्राउन का कोई भी उपयोग करने की अनुमति नहीं है और उन्हें 30 दिनों के भीतर क्राउन लौटाना होगा।

रेचल का परिवार जल्द करेगा प्रेस कॉन्फ्रेंस

रेचल गुप्ता के परिवार ने भी इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि वे जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जिसमें वे रेचल के अनुभवों और मानसिक संघर्ष को विस्तार से साझा करेंगे। परिवार का कहना है कि यह मामला केवल एक खिताब का नहीं, बल्कि एक युवा महिला के आत्मसम्मान और मानसिक स्वास्थ्य का है। रेचल ने इससे पहले 2022 में पेरिस में मिस सुपर टैलेंट ऑफ द वर्ल्ड का खिताब जीतकर भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया था। ये भी पढ़ें- नए वैरिएंट पर वैक्सीन बेअसर, क्या आएगी कोरोना की चौथी लहर? देश में एक्टिव केस 1326, अब तक 14 की मौत
Wasif Khan
By Wasif Khan

फिलहाल जुलाई 2024 से पीपुल्स अपडेट में सब-एडिटर हूं। बीते 3 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हूं। 12वीं म...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts