PlayBreaking News

पंजाब पुलिस के ASI की दिनदहाड़े हत्या :अमृतसर में ड्यूटी पर जाते समय बाइक सवार बदमाशों ने मारीं गोलियां, इलाके में दहशत

पंजाब के अमृतसर में ट्रैफिक पुलिस के ASI जोगा सिंह की ड्यूटी पर जाते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार बदमाशों ने मजीठा के पास उन पर फायरिंग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज खंगाली जा रही है और कई एंगल से जांच जारी है।
Follow on Google News
अमृतसर में ड्यूटी पर जाते समय बाइक सवार बदमाशों ने मारीं गोलियां, इलाके में दहशत

अमृतसर। पंजाब के अमृतसर जिले में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ड्यूटी पर जा रहे पंजाब पुलिस के एक ASI की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बाइक सवार बदमाशों ने बीच रास्ते में ASI को घेरकर उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। वारदात इतनी अचानक हुई कि घायल पुलिसकर्मी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। गोलियां लगने के बाद वह सड़क पर गिर पड़े और थोड़ी ही देर में उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

ट्रैफिक पुलिस में तैनात थे ASI जोगा सिंह

मृतक पुलिसकर्मी की पहचान ASI जोगा सिंह के रूप में हुई है। वह पंजाब पुलिस के ट्रैफिक विभाग में अमृतसर में तैनात थे। जोगा सिंह गुरदासपुर जिले के बांगर इलाके के गांव घणिए के रहने वाले थे। जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 6 बजे वह अपनी स्कूटी नंबर PB06BJ-6614 पर ड्यूटी के लिए अमृतसर जा रहे थे। इसी दौरान मजीठा से करीब एक किलोमीटर पहले बाइक पर आए दो अज्ञात हमलावरों ने उन्हें रोक लिया।

सीने और कमर में मारी गई गोली

हमलावरों ने बिना किसी बहस के अचानक ASI जोगा सिंह पर फायरिंग शुरू कर दी। उन्हें दो गोलियां लगीं। एक गोली सीने के बाईं तरफ लगी, जबकि दूसरी कमर में जा लगी। गंभीर रूप से घायल जोगा सिंह सड़क किनारे गिर पड़े। सुबह का समय होने के कारण आसपास ज्यादा लोग मौजूद नहीं थे, जिससे उन्हें तुरंत मदद नहीं मिल सकी। बताया जा रहा है कि उन्होंने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Twitter Post

SSP समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही अमृतसर ग्रामीण पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। SSP सुहेल मीर कासिम, DSP कमलमीत सिंह और SHO करमपाल सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और इलाके को घेर लिया गया। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से सबूत जुटाए। पुलिस को मौके से गोलियों के खोल भी बरामद हुए हैं।

SSP ने कही ये अहम बातें

SSP सुहेल मीर ने बताया कि, सुबह सूचना मिली थी कि फतेहगढ़ चूड़ियां-मजीठा रोड पर एक पुलिसकर्मी की लाश पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही SHO मजीठा मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि, जांच के दौरान शरीर पर गोली लगने के निशान मिले, जिसके बाद शव को सिविल अस्पताल भेजा गया। फॉरेंसिक और तकनीकी टीमें मामले की जांच में जुटी हुई हैं। SSP के मुताबिक, यह सड़क काफी व्यस्त रहती है, इसलिए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। व्यक्तिगत दुश्मनी, टारगेट किलिंग, रोड रेज और ड्यूटी से जुड़े मामलों को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Breaking News

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। आरोपियों की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है और लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि, जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

पुरानी रंजिश या सुनियोजित हमला?

शुरुआती जांच में पुलिस इसे सुनियोजित हमला मान रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं किसी पुराने केस या आपराधिक दुश्मनी के चलते ASI को निशाना तो नहीं बनाया गया। जानकारी के मुताबिक, ASI जोगा सिंह जिन मामलों की जांच कर रहे थे, उनकी फाइलें भी खंगाली जा रही हैं।

Featured News

3 महीने पहले भी हुई थी पुलिसकर्मियों की हत्या

करीब तीन महीने पहले गुरदासपुर के आदियां पुलिस चौकी में दो पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी गई थी। यह चौकी भारत-पाकिस्तान सीमा से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित है। उस घटना की जिम्मेदारी आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान ने ली थी। संगठन ने सोशल मीडिया पोस्ट में भारतीय सुरक्षा बलों को धमकी भी दी थी। हालांकि फिलहाल ASI जोगा सिंह हत्याकांड का उस घटना से कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts