Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पंजाब में 3 घंटे में 2 ब्लास्ट :जालंधर में BSF HQ के बाहर धमाका, अमृतसर में आर्मी कैंप पर ग्रेनेड अटैक; क्या फिर एक्टिव हुए स्लीपर सेल?

पंजाब में जालंधर BSF हेडक्वार्टर के बाहर धमाका और अमृतसर आर्मी कैंप पर ग्रेनेड अटैक से हड़कंप मच गया। IED के इस्तेमाल की आशंका है और NIA जांच में जुटी है। हाल के महीनों में कई हमलों के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, जांच जारी है।
जालंधर में BSF HQ के बाहर धमाका, अमृतसर में आर्मी कैंप पर ग्रेनेड अटैक; क्या फिर एक्टिव हुए स्लीपर सेल?

जालंधर/अमृतसर। पंजाब में मंगलवार रात महज कुछ घंटों के अंदर हुई दो बड़ी संदिग्ध धमाकों की घटनाओं ने पूरे राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहले जालंधर में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के फ्रंटियर हेडक्वार्टर के बाहर एक जोरदार धमाका हुआ और इसके कुछ ही समय बाद अमृतसर के खासा स्थित आर्मी कैंप के पास ग्रेनेड फेंका गया। राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में किसी की जान नहीं गई, लेकिन इन घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर ला दिया है और पूरे राज्य में दहशत का माहौल है।

जालंधर में कैसे हुआ धमाका? 

मंगलवार शाम करीब 7:57 बजे जालंधर के पीएपी चौक के पास स्थित BSF फ्रंटियर मुख्यालय के बाहर अचानक धमाका हुआ। यह इलाका बेहद संवेदनशील माना जाता है, क्योंकि यह जालंधर शहर को अमृतसर-दिल्ली हाईवे से जोड़ता है और यहां हमेशा लोगों की आवाजाही रहती है।

जानकारी के मुताबिक, एक संदिग्ध युवक रॉन्ग साइड से पैदल आता दिखाई दिया। वह सीधे उस जगह पहुंचा, जहां फुटपाथ पर एक एक्टिवा स्कूटी खड़ी थी। युवक ने अपने हाथ में पकड़ा पॉलिथीन में लिपटा पैकेट स्कूटी के पास रखा और तेजी से बस स्टैंड की ओर भाग गया। कुछ ही सेकंड बाद जोरदार धमाका हुआ, जिससे स्कूटी में आग लग गई।

धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास खड़े लोग घबरा गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें धमाके के बाद आग और धुआं उठता दिखाई दे रहा है।

Twitter Post

IED के इस्तेमाल की आशंका, फोरेंसिक जांच जारी

प्रारंभिक जांच में इस धमाके में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। फोरेंसिक टीमों को मौके से विस्फोटक के कुछ हिस्से और अन्य साक्ष्य मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए मोहाली लैब भेजा गया है।

जालंधर पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने कहा कि, अभी तक की जांच में स्कूटी में आग लगने के बाद विस्फोट होने की बात सामने आई है, लेकिन सभी एंगल से जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जल्दबाजी में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना ठीक नहीं होगा।

हिरासत में स्कूटी मालिक गुरप्रीत, परिवार बोला- वह बेगुनाह

जिस स्कूटी में धमाका हुआ, वह 22 वर्षीय गुरप्रीत सिंह की बताई जा रही है, जो एक कूरियर डिलीवरी एजेंट के रूप में काम करता है। घटना के समय वह BSF हेडक्वार्टर के अंदर पार्सल लेने गया हुआ था। पुलिस ने गुरप्रीत को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ में उसने बताया कि वह स्कूटी खड़ी कर गेट पर पार्सल के लिए इंतजार कर रहा था, तभी एक युवक वहां से गुजरा और कुछ देर बाद धमाका हो गया।

गुरप्रीत के परिवार ने उसे निर्दोष बताया है। उसकी मां का कहना है कि, उनका बेटा सिर्फ काम के सिलसिले में गया था और उसका इस घटना से कोई संबंध नहीं है। पिता कश्मीर सिंह BSF के रिटायर्ड जवान हैं, उन्होंने कहा कि उनका बेटा देशविरोधी गतिविधियों में शामिल नहीं हो सकता।

अमृतसर में आर्मी कैंप पर ग्रेनेड हमला

जालंधर की घटना के करीब तीन घंटे बाद अमृतसर के खासा इलाके में स्थित आर्मी कैंप के बाहर भी धमाका हुआ। रात करीब 11 बजे बाइक पर आए दो नकाबपोश हमलावरों ने कैंप की दीवार की ओर ग्रेनेड फेंका और मौके से फरार हो गए। धमाका दीवार से टकराते ही हुआ, जिससे कैंप की चारदीवारी के पास लगा टीन शेड ढह गया और दीवार को हल्का नुकसान पहुंचा। हालांकि, इस घटना में भी कोई हताहत नहीं हुआ। घटना के तुरंत बाद सेना और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

खालिस्तान लिबरेशन आर्मी का दावा

इन घटनाओं के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें खालिस्तान लिबरेशन आर्मी (KLA) ने जालंधर हमले की जिम्मेदारी ली है। पोस्ट में दावा किया गया कि यह हमला ऑपरेशन नवा सवेरा के तहत किया गया है। हालांकि, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।

DIG संदीप गोयल को धमकी

पोस्ट में अमृतसर बॉर्डर रेंज के DIG संदीप गोयल और उनके परिवार को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है। बताया जा रहा है कि मार्च 2026 में गुरदासपुर में हुए एक एनकाउंटर के बाद से खालिस्तानी संगठनों और DIG गोयल के बीच विवाद चल रहा है। इस एनकाउंटर में रणजीत सिंह नामक आरोपी मारा गया था, जिसे खालिस्तानी समर्थकों ने फर्जी बताया था। इसके बाद से लगातार धमकियां मिल रही थीं।

जांच में जुटीं NIA और अन्य एजेंसियां

घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को भी जांच में शामिल किया गया है। जालंधर और अमृतसर दोनों जगहों पर फोरेंसिक टीमें, बम निरोधक दस्ते और खुफिया एजेंसियां साक्ष्य जुटाने में लगी हुई हैं। साथ ही, पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

Twitter Post

पिछले महीनों में बढ़े ऐसे हमले

पंजाब और आसपास के इलाकों में हाल के महीनों में इस तरह की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है। प्रमुख घटनाएं इस प्रकार हैं:

  • 1 अप्रैल 2026 - चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित BJP कार्यालय के बाहर हैंड ग्रेनेड फेंका गया।
  • 29-30 मार्च 2026 (आधी रात) - अमृतसर ग्रामीण के भिंडी सैदां पुलिस स्टेशन पर ग्रेनेड से हमला किया गया।
  • 27 अप्रैल 2026 - पटियाला के राजपुरा-शंभू रेलवे ट्रैक पर धमाका हुआ, जहां बम प्लांट करने की कोशिश के दौरान एक आरोपी की मौत हो गई।
  • 5 मई 2026 (शाम) - जालंधर के BSF हेडक्वार्टर के बाहर स्कूटी में धमाका हुआ।
  • 5 मई 2026 (रात) - अमृतसर के खासा आर्मी कैंप के पास ग्रेनेड अटैक किया गया।

इन लगातार हो रही घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है और पूरे राज्य में अलर्ट जारी कर दिया गया है।

Breaking News

विपक्ष का हमला, कानून-व्यवस्था पर सवाल

इन घटनाओं के बाद विपक्षी दलों ने पंजाब सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस और अकाली दल के नेताओं ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति कमजोर हो गई है और सुरक्षा एजेंसियां ऐसे हमलों को रोकने में विफल रही हैं। उन्होंने सरकार से जवाबदेही तय करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सभी पहलुओं पर जांच कर रहीं एजेंसियां 

जालंधर और अमृतसर में हुए ये धमाके कई सवाल खड़े करते हैं-

  • क्या यह किसी बड़े आतंकी मॉड्यूल की साजिश है?
  • क्या स्लीपर सेल्स फिर से सक्रिय हो रहे हैं?
  • क्या संवेदनशील स्थानों को टारगेट कर डर फैलाने की कोशिश की जा रही है?

एजेंसियां इन सभी पहलुओं पर जांच कर रही हैं।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts