Ladakh Statehood Demand : लद्दाख को पूर्ण राज्य बनाने की मांग, कड़ाके की ठंड में सड़कों पर उतरे हजारों लोग... कर रहे प्रदर्शन

लेह। लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के लिए लाखों लोगों ने सड़कों पर प्रदर्शन किया। लेह में कड़कड़ाती ठंड के बीच हजारों लोगों ने सड़कों पर मार्च निकाला। यह प्रदर्शन शनिवार 3 फरवरी से जारी है। लेह में यह प्रदर्शन अपेक्स बॉडी (LAB) और करगिल डेमोक्रेटिक अलायंस (KDA) के नेतृत्व में हो रहा हैं। मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक इस विरोध प्रदर्शन का समर्थन कर रही हैं।
क्यों हो रहा है प्रदर्शन ?
भीषण सर्दी में सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग है कि, लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा मिले और संविधान के छठे शेड्यूल को लागू किया जाए। साथ ही लेह और कारगिल को संसद में अलग-अलग सीटें दी जाएं। इसके साथ ही लोगों ने नौकरियों में आरक्षण की भी मांग की है।सरकार ने समिति का किया गठन
विरोध प्रदर्शन होने से पहले सरकार ने लेह अपेक्स बॉडी और कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस के लोगों के साथ बातचीत की थी। जिसके बाद केंद्र सरकार ने लद्दाख को राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए एक समिति का गठन किया है। इस समिति के अध्यक्ष राज्य मंत्री नित्यानंद राय बनाए गए हैं। सरकार ने दोनों दलों के प्रतिनिधियों से 19 फरवरी को दूसरे राउंड की बातचीत करने का ऐलान किया था। इसके बावजूद इन दोनों संगठनों ने लद्दाख को शटडाउन रखा।












