वैभव सूर्यवंशी की सफलता का राज खोजेगा IIM इंदौर:बाल प्रतिभाओं पर होगा बड़ा शोध

इंदौर - कम उम्र में असाधारण सफलता हासिल करने वाली प्रतिभाओं की उपलब्धियों के पीछे कौन-से कारक काम करते हैं, इसे समझने के लिए भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) इंदौर एक विशेष अध्ययन शुरू करने जा रहा है। हाल ही में अपने शानदार प्रदर्शन से सुर्खियों में आए युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी भी इस शोध का हिस्सा होंगे। इस अध्ययन का उद्देश्य केवल बाल प्रतिभाओं की उपलब्धियों का मूल्यांकन करना नहीं, बल्कि यह समझना है कि किसी बच्चे को असाधारण सफलता तक पहुंचाने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका किसकी होती है। शोध में यह परखा जाएगा कि सफलता का आधार जन्मजात प्रतिभा और जीन हैं या फिर परिवार, स्कूल, प्रशिक्षक, सामाजिक वातावरण और अनुशासित अभ्यास।
और पढ़ें: ED Action : रिटायर्ड पीडब्ल्यूडी अफसर और जिला आबकारी अधिकारी की 85.45 करोड़ की प्रॉपर्टी अटैच
सफलता का विज्ञान समझेगा IIM
शोधकर्ता यह जानने का प्रयास करेंगे कि कम उम्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली प्रतिभाओं के विकास में कौन-कौन से तत्व निर्णायक भूमिका निभाते हैं। अध्ययन में परिवार के सहयोग, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन, संसाधनों की उपलब्धता, मानसिक मजबूती और निरंतर अभ्यास जैसे पहलुओं का विश्लेषण किया जाएगा।
और पढ़ें: 13 साल की उम्र में हुई शादी, अब हाई कोर्ट ने दिया बड़ा राहत आदेश
क्यों टिकते हैं कुछ सितारे, क्यों बिखर जाते हैं कुछ?
अध्ययन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा उन प्रतिभाओं की तुलना पर केंद्रित होगा, जिन्होंने शुरुआती सफलता को लंबे समय तक बनाए रखा, और उन पर भी जो शुरुआती उपलब्धियों के बावजूद आगे अपेक्षित ऊंचाइयों तक नहीं पहुंच सकीं। शोध में यह समझने का प्रयास होगा कि सफलता को टिकाऊ बनाने वाले कारक कौन-से हैं और किन परिस्थितियों में प्रतिभाएं अपने लक्ष्य से भटक जाती हैं।
प्रसिद्धि और दबाव का भी होगा विश्लेषण
इंटरनेट और सोशल मीडिया के दौर में कम उम्र में मिलने वाली लोकप्रियता और उसके मानसिक प्रभाव भी इस अध्ययन का महत्वपूर्ण हिस्सा होंगे। शोधकर्ता यह जानेंगे कि अचानक मिली प्रसिद्धि, लोगों की बढ़ती अपेक्षाएं, लगातार बेहतर प्रदर्शन का दबाव और असफलता का भय युवाओं के व्यक्तित्व और करियर को किस तरह प्रभावित करता है।
और पढ़ें: सूर्या हत्याकांड की जांच पीलीभीत तक पहुंची : 2 आरोपी गिरफ्तार; चाकू उपलब्ध कराने का आरोप
तीन माह में पूरी होगी स्टडी
आईआईएम इंदौर की यह रिसर्च लगभग तीन माह में पूरी होने की संभावना है। संस्थान का मानना है कि इस अध्ययन से न केवल बाल प्रतिभाओं के विकास को बेहतर तरीके से समझा जा सकेगा, बल्कि अभिभावकों, शिक्षकों, प्रशिक्षकों और नीति निर्माताओं को भी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश मिल सकेंगे।












