Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Bihar Election 2025 :प्रशांत किशोर बोले- राघोपुर से तेजस्वी यादव हारेंगे चुनाव, राहुल गांधी जैसी होगी स्थिति

जन सुराज प्रमुख ने कहा- राघोपुर के लोग एक परिवार के वर्चस्व से मुक्ति चाहते हैं
प्रशांत किशोर बोले- राघोपुर से तेजस्वी यादव हारेंगे चुनाव, राहुल गांधी जैसी होगी स्थिति
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    पटना। बिहार में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) ने शनिवार को आरजेडी नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर सीधा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि तेजस्वी यादव अपनी पारंपरिक राघोपुर विधानसभा सीट से इस बार चुनाव हार जाएंगे, ठीक वैसे ही जैसे छह साल पहले राहुल गांधी को अमेठी में हार का सामना करना पड़ा था।

    पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि वे राघोपुर से जन सुराज अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं। हालांकि, खुद के चुनाव लड़ने को लेकर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

    ‘राघोपुर में अब भी नहीं हैं बुनियादी सुविधाएं’

    प्रशांत किशोर ने कहा कि राघोपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास और बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व पहले लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और अब तेजस्वी यादव कर रहे हैं, लेकिन आज भी राघोपुर के लोग गरीबी, बेरोजगारी और पिछड़ेपन से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और एक परिवार के राजनीतिक वर्चस्व से मुक्ति पाने के मूड में है।

    Twitter Post

    जनता से फीडबैक लेकर किया जाएगा फैसला

    पीके ने बताया कि वे राघोपुर जाकर जनता से बात करेंगे और जानेंगे कि तेजस्वी यादव के खिलाफ कौन उम्मीदवार खड़ा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वहां के लोगों की राय के आधार पर ही पार्टी तय करेगी कि जन सुराज का उम्मीदवार कौन होगा। प्रशांत किशोर ने कहा, “मैं राघोपुर के लोगों से पूछूंगा कि कौन सा व्यक्ति है जो तेजस्वी और उनके अधूरे वादों को चुनौती दे सके। जो फीडबैक मुझे मिलेगा, उसी के आधार पर हम कल (12 अक्टूबर) को निर्णय लेंगे।”

    सभी टिकटों की घोषणा के बाद शुरू होगा प्रचार अभियान

    जन सुराज पार्टी प्रमुख ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका प्रचार अभियान सभी टिकटों की घोषणा के बाद औपचारिक रूप से शुरू होगा। उन्होंने कहा कि राघोपुर एक खास इलाका है, जहां से अब तक मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री जैसे बड़े नेता चुने जाते रहे हैं। इस बार वे जनता से सीधा संवाद करेंगे और यह तय करेंगे कि क्षेत्र की तस्वीर बदलने के लिए किसे मौका मिलना चाहिए।

    दो चरणों में होगा मतदान

    बता दें कि बिहार में विधानसभा चुनाव दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होने वाले हैं। प्रशांत किशोर की यह सक्रियता और उनके बयानों ने साफ कर दिया है कि जन सुराज पार्टी इस बार चुनावी मैदान में तेजस्वी यादव और आरजेडी को सीधी चुनौती देने की तैयारी में है।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

    Latest Posts