भिंड-गणपति विसर्जन के वक्त मातम; क्वारी नदी में तीन युवक डूबे, कनावर में पुल के नीचे हु़आ हादसा

भिंड। गणपति विसर्जन की खुशियां उस समय चीख-पुकार में बदल गईं, जब ऊमरी थाना क्षेत्र के कनावर में क्वारी नदी के पुल के नीचे तीन युवक गहरे पानी में डूब गए। शुक्रवार शाम गणपति प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए हादसे की खबर मिलते ही हड़कंप मच गया। पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा और युवकों की तलाश के लिए रेस्क्यू टीम को बुलाया गया।
बारिश के कारण रेस्क्यू में दिक्कत
नदी में डूबने वालों की पहचान कृष्णा भदौरिया, अभिजीत भदौरिया और मदन भदौरिया सभी निवासी कनावर के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ नदी किनारे जमा हो गई। बारिश के बीच नदी के पानी और बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। पुलिस की निगरानी में टीम नदी के आसपास संभावित स्थानों पर युवकों की तलाश कर रही है। अंधेरा बढ़ने के साथ अभियान में मुश्किलें और बढ़ने की आशंका है।
नदी किनारे पांच जोड़ी चप्पलें मिलीं
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने नदी किनारे करीब पांच जोड़ी चप्पलें पड़ी होने की बात कही। इससे यह आशंका गहरा गई कि विसर्जन के लिए तीन से अधिक लोग नदी के किनारे या पानी में पहुंचे हो सकते हैं। हालांकि पुलिस के मुताबिक फिलहाल तीन युवकों के ही डूबने की जानकारी सामने आई है। अन्य किसी के डूबने की पुष्टि नहीं हुई है। इस हादसे ने पूरे कनावर को झकझोर दिया है। पुलिस मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है, जबकि रेस्क्यू टीम नदी में तलाश में जुटी है।
ये भी पढ़ें: क्या आपने सुना है ऐसी अंतिम विदाई? राख को केले के सूप में मिलाकर ग्रहण करते इस जनजाति के लोग
तलाशी अभियान जारी है
गणेश विसर्जन के दौरान क्वारी नदी में तीन युवकों के डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू टीम को बुलाया। नदी में डूबे युवकों की तलाश के लिए पूरी तत्परता से अभियान चलाया जा रहा है।
रवि वास्कले, एसडीओपी हेडक्वार्टर
ये भी पढ़ें: सतना में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शन, किराना दुकान से शराब बरामद; संचालक फरार




















