पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल ने दिग्विजय सिंह पर साधा निशाना, कहा- सत्य और सनातन से पूर्व मुख्यमंत्री का संबंध नहीं

बालाघाट। मध्यप्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल गुरुवार को बालाघाट पहुंचे। यहां उन्होंने पंचायतों में विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। साथ ही छोटे किसानों, ट्रक चालकों और मजदूरों के बच्चों को छात्रवृत्ति वितरित की। इस दौरान उन्होंने महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष लता एलकर के निवास पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की।
जो सनातन का विरोध करते रहे, उनके द्वारा ऐसी यात्रा निकालना उचित नहीं
मीडिया से चर्चा के दौरान मंत्री प्रहलाद पटेल ने कांग्रेस नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सत्य और सनातन से दिग्विजय सिंह का कोई संबंध नहीं है। जो लोग सनातन का विरोध करते रहे हैं, उनके द्वारा ऐसी यात्रा निकालना उचित नहीं है। मंत्री पटेल ने सीजेपी पर युवाओं को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को बरगलाने का काम किया है।
ओबीसी आरक्षण पर कमलनाथ सरकार को घेरा
ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर मंत्री पटेल ने कहा कि कमलनाथ सरकार ने राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया था, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार पिछड़ा वर्ग आयोग के गठन और रिक्त पदों को जल्द भरने के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्री के इन बयानों के साथ बालाघाट में राजनीतिक मुद्दों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
ये भी पढ़ें: 'माथे पर हरा रुमाल बांध लें दिग्विजय...अस्तित्व बचाने निकाल रहे यात्रा', गुना विधायक पन्नालाल शाक्य ने लगाए तीखे आरोप




















