Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

रायपुर में बैटरी कार के विरोध में कुलियों का प्रदर्शन, बोले- रेलवे अधिकारी डाल रहे डाका

रायपुर में बैटरी कार के विरोध में कुलियों का प्रदर्शन, बोले- रेलवे अधिकारी डाल रहे डाका
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन पर चार नई बैटरी कारें चलाने के फैसले के खिलाफ कुलियों ने प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है। उनका आरोप है कि निजी कंपनी को यह काम देने से उनकी रोजी-रोटी छिन जाएगी, जो पहले ही मुश्किल से चल रही है।

    रोजी-रोटी पर डाल रहा डाका

    बता दें कि, रायपुर रेलवे स्टेशन पर कुली अपने परिवार के साथ रेलवे के उस फैसले का विरोध कर रहे हैं, जिसके तहत त्योहारों के सीजन में चार नई बैटरी कारें चलाई जानी हैं। दो गाड़ियां स्टेशन पर पहुंचते ही विरोध तेज हो गया। कुलियों का कहना है कि लिफ्ट और एस्केलेटर जैसी सुविधाओं के कारण उनका 80% काम पहले ही कम हो चुका है। स्टेशन पर मौजूद 105 कुलियों को मुश्किल से रोज 200 से 300 की दिहाड़ी मिल पाती है। उनका कहना है कि निजी कंपनी को काम देकर रेलवे उनकी रोजी-रोटी पर डाका डाल रहा है। 

    निजी कंपनी से बढ़ी आपत्ति 

    दरअसल, रेलवे एक निजी कंपनी के साथ समझौते में चार नई कारें चला रहा है। जिनका किराया रुपए 70 है। जबकि कुली 100 रुपए लेते हैं। कुलियों का आरोप है कि ये नई गाड़ियां (पहले से चल रही दो नि:शुल्क कारों के अलावा) उनकी बची-खुची दिहाड़ी को खत्म कर देंगी। वहीं उन्होंने बताया कि अधिकारियों से तीन बार की बातचीत विफल रही। पहले DRM ने आश्वासन दिया, लेकिन सीनियर DCM ने सर्विस रोकने से मना कर दिया और दो दिन में जवाब देने का वादा भी पूरा नहीं किया जिससे कुली भड़के हुए हैं।

    कुलियों ने दी आंदोलन की चेतावनी

    अब दुर्ग और रायपुर के कुलियों ने अपने परिवार के साथ प्रदर्शन में हिस्सा लिया। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो बिलासपुर जोन के सभी स्टेशनों के कुली और अखिल भारतीय कुली यूनियन के सहयोग से दिल्ली और अन्य राज्यों के कुली भी इसमें शामिल होंगे। कुलियों ने विकल्प के तौर पर रेलवे में डी ग्रुप की नौकरी की मांग की थी जिसे ठुकरा दिया गया। उनका कहना है कि जब तक यह निजी व्यवस्था बंद नहीं होती उनका विरोध जारी रहेगा।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    Latest Posts