Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पोप फ्रांसिस की सेहत में सुधार, वेटिकन ने जारी की पहली तस्वीर, लंबी बीमारी के बाद प्रार्थना करते नजर आए

पोप फ्रांसिस की सेहत में सुधार, वेटिकन ने जारी की पहली तस्वीर, लंबी बीमारी के बाद प्रार्थना करते नजर आए
पोप फ्रांसिस के अनुयायियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर आई है। वेटिकन ने उनकी पहली तस्वीर जारी की है, जिसमें वह प्रार्थना करते हुए नजर आ रहे हैं। 88 वर्षीय पोप फ्रांसिस पिछले एक महीने से दोनों फेफड़ों में गंभीर निमोनिया के कारण अस्पताल में भर्ती थे। उनकी हालत काफी खराब थी, लेकिन अब उनमें तेजी से सुधार हो रहा है।

कैसी है पोप की पहली तस्वीर

वेटिकन द्वारा जारी की गई तस्वीर में पोप फ्रांसिस व्हीलचेयर पर बैठे हुए हैं। उन्होंने सफेद कपड़े और बैंगनी शॉल पहन रखी है। तस्वीर में उनका चेहरा पूरी तरह नहीं दिख रहा, क्योंकि यह दाहिनी ओर से ली गई है। उनकी आंखें नीचे की ओर झुकी हुई हैं और वह गहरी प्रार्थना में लीन नजर आ रहे हैं। वेटिकन प्रेस ऑफिस ने इस तस्वीर के साथ एक कैप्शन भी दिया- "आज सुबह, पोप फ्रांसिस ने जेमेली पॉलीक्लिनिक की 10वीं मंजिल पर अपार्टमेंट के चैपल में होली मास का आयोजन किया।"

तस्वीर क्यों है खास

यह तस्वीर इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि 14 फरवरी को रोम के जेमेली हॉस्पिटल में भर्ती होने के बाद से पोप को सार्वजनिक रूप से नहीं देखा गया था। डॉक्टरों के मुताबिक, कई हफ्तों तक उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। हालांकि, पिछले कुछ दिनों में उनकी तबीयत में तेजी से सुधार हुआ है। 15 मार्च को जारी मेडिकल बुलेटिन में वेटिकन ने कहा कि पोप की स्थिति अब स्थिर है, लेकिन उन्हें अभी भी अस्पताल में इलाज की जरूरत है।

कौन हैं पोप फ्रांसिस

पोप फ्रांसिस न सिर्फ दुनिया के एक अरब से अधिक कैथोलिक ईसाइयों के धर्मगुरु हैं, बल्कि वे एक संप्रभु राष्ट्र वेटिकन सिटी के प्रमुख भी हैं। वेटिकन सिटी दुनिया का सबसे छोटा संप्रभु राष्ट्र है, जो इटली की राजधानी रोम से घिरा हुआ है। इसके निवासी मुख्य रूप से ईसाई पुजारी (प्रीस्ट) और नन होते हैं। पॉप फ्रांसिस अपने सरल स्वभाव और गरीबों के प्रति सहानुभूति के लिए जाने जाते हैं। वे सामाजिक न्याय और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखते हैं। 2013 में पोप बनने के बाद से वे कैथोलिक चर्च में कई महत्वपूर्ण सुधार ला चुके हैं। ये भी पढ़ें- MP Budget Session : विधानसभा बजट सत्र का पांचवां दिन आज, इंदौर और मऊगंज की घटनाओं पर सरकार को घेर की सकता है विपक्ष
Wasif Khan
By Wasif Khan

फिलहाल जुलाई 2024 से पीपुल्स अपडेट में सब-एडिटर हूं। बीते 3 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हूं। 12वीं म...

Latest Posts