PM मोदी का 71वां जन्मदिन आज, MP में वैक्सीनेशन महाअभियान, 35 लाख डोज लगाने का लक्ष्य

भोपाल में टीकाकरण के लिए 550 केन्द्र बनाए हैं। 150 मोबाइल वैन विभिन्न क्षेत्रों में जाकर वैक्सीनेशन करेंगी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मानें, तो प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक-दो बार वैक्सीनेशन शिविर लगाए जा चुके हैं।
Follow on Google News

भोपाल। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आज 71वां जन्मदिन है। उनके जन्मदिन के मौके पर मध्यप्रदेश की राज्य सरकार कई आयोजन कर रही हैं। इसी के तहत आज वैक्सीनेशन का महाअभियान प्रदेशभर में आयोजित किया जा रहा है। भोपाल सहित प्रदेश में महा वैक्सीनेशन अभियान यह तीसरा चरण है जो आज से शुरू हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर प्रदेश भर में 35 लाख डोज लगाए जाएंगे।

प्रदेशभर में आज 35 लाख डोज लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। जिसके चलते आज सुबह से शुरू हुए टीकाकरण महाअभियान को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। टीकाकरण महाअभियान के सकारात्मक परिणाम के चलते आज दोपहर 3 बजे तक 13 लाख 09 हजार 704 डोज लगाए जा चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों को देखकर उम्मीद जताई जा रही है, जो लक्ष्य तय किया गया है, वह शाम के पहले पूरा हो जाएगा।

समय डोज लगे
12 बजे तक 5,22, 477
1 बजे तक 8,07,071
2 बजे तक 10,55,266
3 बजे तक 13,09,704

 

राजधानी में बनाए गए 550 केन्द्र

वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने भोपाल में टीकाकरण के लिए 550 केन्द्र बनाए हैं। 150 मोबाइल वैन विभिन्न क्षेत्रों में जाकर वैक्सीनेशन करेंगी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मानें, तो प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक-दो बार वैक्सीनेशन शिविर लगाए जा चुके हैं। अब उन लोगों की खोजबीन की जा रही है, जो लोग अब तक छूटे हैं या छोटी बसाहटों में खेतों पर निवास करते हैं। ऐसे लोगों के लिए जिला स्तर पर मोबाइल टीमें बनाई गई हैं।

इधर, 23 से 25 जून के बीच चलाए गए महावैक्सीनेशन अभियान के पहले चरण में करीब 17 लाख लोगों का टीकाकरण हुआ था। इनमें कोविशील्ड का पहला डोज लगवाने वालों को दूसरा डोज लगाने की अवधि पूरी हो रही है। महा वैक्सीनेशन अभियान में इन लोगों को दूसरा डोज लगाया जाएगा।

दिव्यांगों के लिए विशेष व्यवस्था

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी वैक्सीनेशन केंद्रों पर महिला, पुरुष, दिव्यांगजनों के साथ ही गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्था के साथ प्राथमिकता से वैक्सीन लगाई जा रही है। इस सेंटर पर टीका लगवाने आने वाले लोगों के आराम के लिए रेस्ट रूम, कुर्सी आदि की व्यवस्था की गई है।

अभियान एक नजर में

  • भोपाल में कुल 700 सत्रों में 1.23 लाख लोगों का होगा वैक्सीनेशन।
  • 550 सेंटरों और 150 मोबाइल टीमें टीकाकरण करेंगी।
  • एसडीएम अपने क्षेत्र में 10-15 मोबाइल टीमों से टीकाकरण कराएंगे।
  • बैरसिया में 134, फंदा मे 86 और बाकी सेशन 480 नगरीय क्षेत्र में लगेंगे।
  • कोविशील्ड और को-वैक्सीन दोनों तरह की वैक्सीन लगाई जाएगी।

एनएसयूआई ने मनाया बेरोजगार दिवस

इधर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर एनएसयूआई ने इस दिवस को राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस के रूप में मनाया। राजधानी के शिवाजी नगर स्थित इंदिरा गांधी भवन (प्रदेश कांग्रेस कार्यालय) के सामने एनएसयूआइ के कार्यकर्ताओं ने अनूठा प्रदर्शन किया। बेरोजगार दिवस के रूप में प्रदर्शन करते हुए एनएसयूआई ने डॉक्टर और वकील के रूप में प्रतिकात्मक डिग्री रखकर, चाय बनाकर, जूतों में पॉलिश कर अपना विरोध प्रकट किया। इस मौके पर एनएसयूआई नेता विवेक त्रिपाठी ने कहा कि पीएम मोदी ने विपक्ष में रहते हुए वादा किया था कि सत्ता में आते ही हम युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएंगे। हम इस विरोध प्रदर्शन के जरिए सरकार को वादा याद दिलाना चाहते हैं।

Piyush Singh Rajput
By Piyush Singh Rajput
नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts