संसद की सुरक्षा चूक पर पीएम मोदी बोले, ये घटना चिंताजनक... वाद-विवाद से बचें, पुलिस के हाथ लगा बड़ा सबूत

नई दिल्ली। संसद की सुरक्षा में हुई चूक से संबंधित नई-नई जानकारी सामने आ रही हैं। दिल्ली पुलिस इसकी जांच तेजी से करते हुए ताबड़तोड़ आरोपियों की गिरफ्तारी भी कर रही है। वहीं दूसरी तरफ विपक्ष ने भी इस मामले पर राजनीति शुरू कर दी है। विपक्ष ने संसद के दोनों सदनों में गृह मंत्री से जवाब देने की मांग की है। इसी बीच संसद में स्मोक अटैक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रिएक्शन सामने आया है। पीएम मोदी ने कहा कि संसद परिसर में हुई घटना चिंताजनक है। इस मामले की सख्ती से जांच होनी चाहिए और वाद-विवाद से बचना चाहिए।
इसकी गहराई से जांच होनी चाहिए : पीएम
पीएम मोदी ने एक इंटरव्यू में संसद की सुरक्षा में हुई चूक पर कहा, "संसद में जो घटना हुई उसकी गंभीरता को जरा भी कम नहीं आंकना चाहिए। इसलिए स्पीकर महोदय पूरी गंभीरता के साथ आवश्यक कदम उठा रहे हैं। जांच एजेंसियां सख्ती से जांच कर रही हैं। इस घटना के पीछे कौन है, कौन-से तत्व हैं और उनके क्या मंसूबे हैं... इसकी गहराई में जाना जरूरी है और इसकी गहराई से जांच होनी चाहिए। एक मन से समाधान के रास्ते भी खोजने चाहिए। ऐसे विषयों पर वाद-विवाद या प्रतिरोध से सभी को बचना चाहिए।"
पुलिस को मिले आरोपियों के फोन
इस मामले में दिल्ली पुलिस एक्शन मोड में है। कुछ दिनों पहले संसद में स्मोक अटैक के मामले में मास्टरमाइंड ललित झा ने दिल्ली पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया था। वहीं कल दिल्ली पुलिस ने महेश कुमावत को हिरास्त में लिया था। इसके बाद आज दिल्ली पुलिस ने राजस्थान से आरोपियों के फोन पार्ट्स बरामद किए हैं। ये फोन पार्ट जली हालत में मिले हैं। बता दें कि आरोपी ललित झा और महेश कुमावत ने ही मिलकर सभी आरोपियों के फोन तोड़ दिए थे और उसमें आग लगा दी थी।
कपड़े, जूते और कागजात हुए बरामद
जले हुए फोन के अलावा दिल्ली पुलिस को आरोपियों के कपड़े, जूते और कुछ कागजात भी मिले हैं। पुलिस के अनुसार ये कागजात घटना के वक्त आरोपियों के पास मौजूद थे। दिल्ली पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अलग-अलग जगह पर जाकर केस से जुड़े सबूत जुटाने में लगी हुई है। इन सबूतों के मिलने के बाद दिल्ली पुलिस लैब में उनकी जांच कराएगी और ये पता लगाने की कोशिश करेगी कि आखिर मोबाइल में वो कौन से सबूत थे, जिसकी वजह से आरोपी ने उन्हें मिटाने की कोशिश की।
संसद कांड पर राजनीति जारी
एक तरफ छानबीन जारी है तो दूसरी तरफ सियासत। कांग्रेस सांसद राहुल ने आरोपियों की साजिश को बेरोजगारी और महंगाई से जोड़ दिया है। राहुल के बयान को सुनकर बीजेपी भी पीछे नहीं हटी और बेरोजगारी वाली दलील पर पलटवार किया है।घटना के बाद अब एक्शन मोड में पुलिस
इस घटना के बाद अब दिल्ली पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। क्योंकि यह सवाल उठता है कि 6 आरोपी संसद भवन के पास जमा हुए। घटना को अंजाम दिया और दिल्ली पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। संसद के बाहरी इलाके में अब धारा 144 लागू कर दी गई है।











