संसद में स्मोक अटैक: छठा आरोपी भी अरेस्ट, संसद में बवाल के लिए 'प्लान B' भी था मौजूद, 7 स्मोक कैन रखे थे तैयार...

नई दिल्ली। संसद की सुरक्षा में हुई गंभीर चूक के मामले में दिल्ली पुलिस ताबड़तोड़ आरोपियों की गिरफ्तारी कर रही है। इस केस में आज छठा आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इसकी पहचान महेश कुमावत के तौर पर की गई है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों की मानें तो आरोपी घटना को अंजाम देने के लिए 7 स्मोक कैन के साथ संसद भवन में दाखिल हुए थे। आरोपियों का मकसद 7 स्मोक कैन के जरिये बड़ा संदेश देकर किसी भी तरह अपने प्लान में सफल होना था।
महेश कुमावत का दिल्ली कनेक्शन...!
दिल्ली पुलिस ने बताया कि महेश संसद की घटना में शामिल था। घंटों पूछताछ के बाद उसकी गिरफ्तारी की गई। महेश मूल रूप से राजस्थान का निवासी है। मास्टरमाइंड ललित झा घटना के बाद दिल्ली से भागकर राजस्थान में महेश के ठिकाने पर ही छिपा था। शुरुआत में गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों के मोबाइल फोन नष्ट करने में महेश ने ललित की मदद की थी।संसद में बवाल के थे 3 प्लान
सूत्रों के मुताबिक आरोपियों ने संसद में बवाल मचाने के लिए एक-दो नहीं, बल्कि तीन से ज्यादा प्लान तैयार किये थे। जिसमें एक प्लान संसद के बाहर प्रदर्शन करने का भी था। लेकिन खुद को घटना का मास्टरमाइंड बताने वाले ललित झा ने अपने साथियों से कहा था कि इससे मीडिया और देश में बड़ा संदेश नहीं जाएगा, इसलिए सदन के अंदर ही घुसपैठ करनी होगी। अगर नीलम और अमोल नाकाम रहते तो उनकी जगह महेश और कैलाश अंदर जाने को तैयार थे।
7 स्मोक कैन लेकर पहुंचे थे आरोपी
चारों आरोपी नीलम, अमोल, सागर शर्मा और मनोरंजन संसद में घटना को अंजाम देने के लिए एक या दो नहीं, बल्कि 7 स्मोक कैन लेकर पहुंचे थे। आरोपियों ने गूगल सर्च से नए संसद भवन के बारे में जानकारी ली थी। घटना को अंजाम देने से पहले आरोपी ने गूगल पर संसद के आसपास के इलाके को भी सर्च किया और लोकेशन को समझा। इसके साथ ही संसद की सुरक्षा के पुराने वीडियो भी इन आरोपियों ने देखे थे। यही वजह है कि चारों आरोपियों ने इस घटना को अंजाम देते समय रेगुलर कॉलिंग के बजाय सिग्नल एप पर बात की थी, ताकि वे पकड़े न जाएं।यह था आरोपियों का सबसे बड़ा मकसद
आरोपियों का सबसे बड़ा मकसद मीडिया में अपना प्रभाव साबित करना था। आरोपी चाहते थे कि उनकी यह हरकत मीडिया में चर्चा का विषय बन जाए, इसलिए उन्होंने सत्र के दौरान संसद में घुसने का प्लान तैयार किया था। हालांकि, पहले उनका प्लान केवल संसद के बाहर प्रदर्शन करने का था।
देश में अराजकता फैलाने का था प्लान
बता दें कि संसद में बवाल के मामले में मास्टरमाइंड ललित झा ने दिल्ली पुलिस के सामने कल सरेंडर कर दिया था। दिल्ली पुलिस ने ललित झा से पूछताछ कर पटियाला हाउस कोर्ट को बताया कि संसद की सुरक्षा में चूक की घटना के सभी आरोपी कई बार मिले और इसके बाद साजिश को अंजाम दिया। इसके साथ ललित झा और उसके साथी का देश में अराजकता फैलाने का प्लान था। ताकि वे सरकार को अपनी मांगों को पूरा करने के लिए मजबूर कर सकें।











