महू-पर्यटकों का इंतजार खत्म, कल से सप्ताह में तीन दिन चलेगी पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन

महू की पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन 22 अगस्त से फिर शुरू होगी। पश्चिम रेलवे यह ट्रेन शुक्रवार, शनिवार और रविवार को चलाएगा। करीब दो घंटे के सफर में पर्यटक मालवा की हरी-भरी वादियों और पहाड़ी घाटियों का आनंद ले सकेंगे। ट्रेन में AC और नॉन-AC चेयर कार की सुविधा होगी और बुकिंग शुरू हो चुकी है।
महू-पर्यटकों का इंतजार खत्म, कल से सप्ताह में तीन दिन चलेगी पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन
फाइल फोटो

महू। पर्यटकों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। प्रदेश की एकमात्र हेरिटेज ट्रेन 22 अगस्त से एक बार फिर पातालपानी से कालाकुंड के बीच पटरी पर दौड़ेगी। पश्चिम रेलवे ने यात्रियों और पर्यटकों की मांग को देखते हुए इस ट्रेन का संचालन पुनः शुरू करने का निर्णय लिया है। ट्रेन सप्ताह में तीन दिन शुक्रवार, शनिवार और रविवार को चलेगी। पातालपानी से कालाकुंड के बीच लगभग 9.5 से 10 किलोमीटर के पहाड़ी घाट सेक्शन पर करीब दो घंटे का यह सफर पर्यटकों को मालवा की हरी-भरी वादियों, पहाड़ी घाटियों और प्राकृतिक सौंदर्य के मनमोहक नजारों से रूबरू कराएगा।

सुबह 11.05 बजे पातालपानी से होगी रवाना

पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार ट्रेन संख्या 52965 पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन सुबह 11.05 बजे पातालपानी से रवाना होकर दोपहर 1.05 बजे कालाकुंड पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 52966 कालाकुंड-पातालपानी हेरिटेज ट्रेन दोपहर 3.34 बजे कालाकुंड से रवाना होकर शाम 4.30 बजे पातालपानी पहुंचेगी।

दो श्रेणियों में उपलब्ध होंगे कोच

हेरिटेज ट्रेन में वातानुकूलित और गैर-वातानुकूलित चेयर कार की सुविधा उपलब्ध रहेगी। ट्रेन में दो वातानुकूलित चेयर कार तथा चार गैर-वातानुकूलित चेयर कार कोच रहेंगे। यात्रियों को आने और जाने के लिए अलग-अलग टिकट लेना होगा। एक दिशा के सफर के लिए वातानुकूलित चेयर कार का किराया 265 रुपये तथा गैर-वातानुकूलित चेयर कार का किराया 20 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है।

Breaking News

पहले से शुरू हो चुकी बुकिंग

पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन की बुकिंग सभी यात्री आरक्षण केंद्रों और आईआरसीटीसी के माध्यम से शुरू हो चुकी है। ट्रेन के दोबारा शुरू होने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। खासकर सप्ताहांत में बड़ी संख्या में पर्यटकों के पातालपानी और कालाकुंड पहुंचने की संभावना है।

प्रकृति के बीच यादगार होगा सफर

पातालपानी और कालाकुंड के बीच हेरिटेज ट्रेन का सफर अपने आप में खास है। पहाड़ी इलाकों, घुमावदार रेल मार्ग, हरियाली और घाटियों के बीच से गुजरती ट्रेन यात्रियों को प्रकृति के करीब ले जाती है। मानसून के दौरान क्षेत्र की खूबसूरती और भी निखर जाती है। ऐसे में हेरिटेज ट्रेन के दोबारा शुरू होने से पर्यटकों को प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने का एक खास अवसर मिलेगा।

ये भी पढ़ें: Baloda Bazar: ड्राइवर के बेटे ने KBC में जीते 50 लाख, IAS बनने के लिए छोड़ी 1.5 लाख की नौकरी,योगेश की संघर्ष से सफलता तक की कहानी

Ankit Rathore
By Ankit Rathore

Latest Posts