Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गुरुपूर्णिमा पर MP के प्रमुख आश्रमों में उमड़ा जनसैलाब, बागेश्वर धाम, कुबेरेश्वर धाम, दादाजी धाम में पहुंचे श्रद्धालु

गुरुपूर्णिमा पर MP के प्रमुख आश्रमों में उमड़ा जनसैलाब, बागेश्वर धाम, कुबेरेश्वर धाम, दादाजी धाम में पहुंचे श्रद्धालु

भोपाल। गुरुपूर्णिमा के पावन पर्व पर मध्यप्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों और आश्रमों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। उज्जैन का सांदीपनि आश्रम, सीहोर का कुबेरेश्वरधाम, छतरपुर का बागेश्वर धाम और खंडवा स्थित दादाजी धाम में आज दिनभर विशेष पूजन-अनुष्ठान, प्रवचन और भजन संध्या का आयोजन चल रहा है। हजारों की संख्या में श्रद्धालु इन धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर गुरुओं का आशीर्वाद ले रहे हैं।

बागेश्वर धाम में अब तक एक लाख श्रद्धालु पहुंचे

छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम में गुरुपूर्णिमा महोत्सव की शुरुआत बुधवार से ही हो चुकी थी। धाम के मीडिया प्रभारी कमल अवस्थी ने बताया कि आज पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान बालाजी की पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं और अपने शिष्यों से मुलाकात की। धाम परिसर में सुंदरकांड पाठ और भजनों की प्रस्तुति पूरे दिन चल रही है। अब तक यहां करीब 1 लाख श्रद्धालु पहुंच चुके हैं और भीड़ लगातार बढ़ रही है।

खंडवा के दादाजी धाम में मुख्य द्वार से प्रवेश बंद

गुरुपूर्णिमा के पर्व को देखते हुए खंडवा के दादाजी धाम मंदिर में सुरक्षा और व्यवस्था के मद्देनजर मुख्य गेट से प्रवेश बंद कर दिया गया है। इसके स्थान पर श्रद्धालुओं को 6 नंबर गेट से प्रवेश दिया जा रहा है, जहां एक 40 हजार की क्षमता वाला वाटरप्रूफ डोम बनाया गया है। प्रशासन के अनुसार, जितने लोग मंदिर परिसर से बाहर निकल रहे हैं, उससे तीन गुना अधिक लोग प्रवेश कर रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।

कुबेरेश्वरधाम में जगह पड़ी कम

सीहोर के प्रसिद्ध कुबेरेश्वरधाम में श्रद्धालुओं की संख्या इस वर्ष सारे रिकॉर्ड तोड़ रही है। यहां 10 से अधिक डोम और पंडाल लगाए जाने के बावजूद श्रद्धालुओं के लिए जगह कम पड़ रही है। दोपहर में विशेष प्रवचन का आयोजन किया जा रहा है, वहीं प्रसादी के रूप में 30 क्विंटल से अधिक नुक्ती का वितरण किया जा रहा है।

उज्जैन के सांदीपनि आश्रम में भी उत्सव

उज्जैन स्थित सांदीपनि आश्रम में भी गुरुपूर्णिमा के अवसर पर पूजा-पाठ, हवन, प्रवचन और भजन संध्या का आयोजन किया गया। यहां भी देशभर से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे और गुरु परंपरा को नमन किया।

Vaishnavi Mavar
By Vaishnavi Mavar

Latest Posts