PlayBreaking News

ग्वालियर में पुरानी रंजिश ने ली जान: ताबड़तोड़ फायरिंग में युवक की मौत, एक घायल; नौ हमलावरों पर FIR

Follow on Google News
ग्वालियर में पुरानी रंजिश ने ली जान: ताबड़तोड़ फायरिंग में युवक की मौत, एक घायल; नौ हमलावरों पर FIR

ग्वालियर। शहर के हजीरा थाना क्षेत्र के बिरला नगर इलाके में सोमवार रात को हुए गोलीकांड ने सनसनी फैला दी। पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई में बदमाशों ने दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में भोला सिकरवार नामक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी कल्लू उर्फ पवन श्रीवास गंभीर रूप से घायल है और निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।

नौ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

यह वारदात रात करीब 10 बजे बिरला नगर लाइन नंबर दो की गली नंबर एक में हुई। हमले के बाद आरोपी फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर नौ आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है, जिनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।इलाके में तनाव और दहशत की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

स्टेटस में दी थी गोली मारने की धमकी

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक भोला सिकरवार के भाई दीनू सिकरवार ने सोमवार शाम को अपने सोशल मीडिया स्टेटस पर मुख्य आरोपी बंटी भदौरिया को चुनौती देते हुए गोली मारने की बात लिखी थी। इसके महज तीन घंटे बाद ही हिस्ट्रीशीटर बंटी अपने एक साथी के साथ एक्टिवा पर सवार होकर आया और भोला व उसके साथी पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। भोला को पेट में और कल्लू को पैर में गोली लगी, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े। दोनों को फूलबाग स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां भोला को मृत घोषित कर दिया गया।

शराब के धंधे को लेकर चल रहा था विवाद

पुलिस सूत्रों के अनुसार, भोला सिकरवार और बंटी भदौरिया के बीच लंबे समय से इलाके में शराब के अवैध कारोबार को लेकर विवाद चला आ रहा था। दोनों पक्षों में पहले भी टकराव हो चुका था। कुछ महीने पहले भोला के गैंग ने बंटी पर गोली चलाई थी, जिसमें वह घायल हो गया था। माना जा रहा है कि उसी हमले का बदला लेने के लिए बंटी ने सोमवार को वारदात को अंजाम दिया।

मुख्य आरोपी पर 10,000 का इनाम

मुख्य आरोपी बंटी उर्फ रिंकू भदौरिया की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी ने ₹10,000 का इनाम घोषित किया है। पुलिस की छह टीमें भिंड, मोहना और इंदौर सहित अन्य संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं। घटना स्थल के आसपास लगे CCTV कैमरे खंगाले जा रहे हैं, जिससे हमलावरों की पहचान और मूवमेंट का पता चल सके।

ये भी पढ़ें- पचमढ़ी में आज मोहन कैबिनेट बैठक : इतिहास, पर्यटन और विकास पर होगी बड़ी चर्चा, राजा भभूत सिंह की स्मृति में मीटिंग

Vaishnavi Mavar
By Vaishnavi Mavar
नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts