Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

New Year Preparation :नए साल का जश्न मनाने के लिए अभी से नेशनल पार्कों की सफारी फुल

नए साल की तैयारियां लोगों ने अभी से शुरू कर दी हैं। इस क्रम में नेशनल पार्क में जाकर नया साल मनाने के लिए कान्हा, बांधवगढ़ और पेंच के रिसॉर्ट में बुकिंग लगभग फुल हो गई हैं।
नए साल का जश्न मनाने के लिए अभी से नेशनल पार्कों की सफारी फुल
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    हर्षित चौरसिया, जबलपुर। देश के सबसे चर्चित नेशनल पार्क कान्हा, बांधवगढ़ और पेंच में क्रिसमस से लेकर न्यू ईयर को सेलीब्रेट करने के लिए पर्यटकों ने डेढ़ माह पहले से ही सफारी बुक कर ली है। संभवत: यह पहली बार है कि जब इतने दिन पहले सैलानियों ने कोर जोन में सफारी भ्रमण के लिए बुकिंग कराई है। पार्कों में सफारी के साथ होटल व रिसॉर्ट में भी कमरों की बुकिंग लगभग फुल बताई जा रही है। बताया जाता है कि सैलानियों के उत्साह को देखते हुए रिसॉर्ट संचालकों ने 25 दिसंबर से लेकर 5 जनवरी तक के लिए अपने टैरिफ में करीब 25-30 प्रतिशत तक वृद्धि की है। इनमें 3 सितारा से लेकर 5 सितारा होटल तक शामिल हैं। 

    फाइव स्टार का किराया 54 हजार रुपए

    क्रिसमस से लेकर 5 जनवरी 2026 तक फाइव स्टार होटलों में किराए में करीब 30 प्रतिशत की वृद्धि की है। ऑनलाइन बुकिंग में पेंच की एक फाइव स्टार होटल में एक दिन का एक रूम का किराया 54 हजार रुपए तक है। वहीं 25 दिसंबर की बुकिंग फुल हो चुकी है। वहीं रिसॉर्ट में 2500 से 12 हजार रुपए के रूम का किराया बढ़कर करीब 4000 से 14000 रुपए के बीच हो गया है।

    सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे

    कान्हा नेशनल पार्क के संचालक रविंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि कान्हा में दिसंबर से लेकर जनवरी के पहले सप्ताह तक कोर जोन की सफारी बुक हो चुकी है। पर्यटकों की संख्या को देखते हुए पार्क में भ्रमण के दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम भी किए जाएंगे। टाइगर डेन रिसॉर्ट के संचालक ज्ञानेंद्र तिवारी ने बताया कि न्यू ईयर को सेलीब्रेट करने के लिए पर्यटकों ने अभी से ही बुकिंग करा ली है। पार्क के लगभग हर रिसॉर्ट में यही स्थिति है। क्रिसमस और न्यू ईयर को देखते हुए सभी रिसॉर्ट अपने-अपने यहां पर अलग-अलग ऑफर चला रहे हैं।

    पर्यटकों में है उत्साह 

    मप्र टूरिज्म के रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा ने कहा कि न्यू ईयर को लेकर नेशनल पार्कों, अमरकंटक, भेड़ाघाट, बरगी में आने वाले सैलानियों में उत्साह है। अभी से ही एमपीटी की होटलें दिसंबर के अंतिम सप्ताह से लेकर जनवरी 2026 के पहले सप्ताह के लिए लगभग फुल हो चुकी हैं। 

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

    Latest Posts