पड़ोसी का CCTV आपके घर पर नजर रख रहा है ?जानिए कब कर सकते हैं शिकायत और क्या कहता है कानून

आजकल सुरक्षा के लिए घरों, दुकानों और ऑफिसों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाना आम बात हो गई है । बढ़ती चोरी और आपराधिक घटनाओं के बीच लोग अपनी संपत्ति और परिवार की सुरक्षा के लिए कैमरों का सहारा ले रहे हैं। लेकिन कई बार यही कैमरे पड़ोसियों के बीच विवाद की वजह भी बन जाते हैं। खासकर तब, जब किसी घर के बाहर लगा कैमरा दूसरे व्यक्ति के घर, खिड़की, बालकनी या निजी गतिविधियों को रिकॉर्ड करने लगे। ऐसी स्थिति में अक्सर लोगों के मन में सवाल उठता है कि क्या पड़ोसी के लगाए गए सीसीटीवी कैमरे के खिलाफ शिकायत की जा सकती है? क्या यह कानून का उल्लंघन माना जाएगा? और अगर आपकी निजी जिंदगी पर किसी कैमरे की नजर है तो आपके पास क्या कानूनी अधिकार हैं? इन सवालों के जवाब पटियाला कोर्ट के अधिवक्ता महमूद आलम ने वस्तार से बताए हैं।
सुरक्षा और निजता के बीच संतुलन जरूरी
अधिवक्ता महमूद आलम के अनुसार, भारत में फिलहाल सीसीटीवी कैमरों को लेकर कोई अलग और विशेष कानून नहीं हैं जो स्थिति को स्पष्ट रूप से नियंत्रित करता हो। हालांकि संविधान के तहत नागरिकों को निजता का अधिकार प्राप्त है और किसी भी व्यक्ति की निजी जिंदगी में अनावश्यक दखल को कानूनी रूप से चुनौती दी जा सकती है। उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति अपनी सुरक्षा के लिए अपने घर, दुकान या कार्यालय के बाहर कैमरा लगा सकता है। यह पूरी तरह वैध और सामान्य प्रक्रिया है। लेकिन समस्या तब शुरू होती है, जब कैमरे का एंगल अपनी संपत्ति से आगे बढ़कर किसी दूसरे व्यक्ति के निजी क्षेत्र को कवर करने लगता है।
कब माना जा सकता है निजता का उल्लंघन?
महमूद आलम का कहना है कि यदि पड़ोसी का सीसीटीवी कैमरा आपके घर के मुख्य दरवाजे, खिड़की, बालकनी, आंगन या ऐसी जगहों की रिकॉर्डिंग कर रहा है जहां आपकी निजी गतिविधियां होती हैं, तो यह निजता के अधिकार का उल्लंघन माना जा सकता है। मान लीजिए कोई कैमरा इस तरह लगाया गया है कि वह लगातार आपके परिवार की गतिविधियों को रिकॉर्ड कर रहा है। ऐसे में आपको यह महसूस हो सकता है कि आपकी निजी जिंदगी पर निगरानी रखी जा रही है। कानून ऐसे मामलों को गंभीरता से देखता है, क्योंकि किसी व्यक्ति की व्यक्तिगत स्वतंत्रता और गोपनीयता की रक्षा करना जरूरी माना जाता है।
हर कैमरा शिकायत का आधार नहीं बनता
हालांकि केवल कैमरा लगा होने भर से शिकायत नहीं की जा सकती। यदि कैमरा सड़क, पार्किंग, गली, सोसाइटी के प्रवेश द्वार या सार्वजनिक रास्तों की निगरानी के लिए लगाया गया है, तो आमतौर पर इसे गलत नहीं माना जाएगा। उदाहरण के तौर पर, यदि कोई व्यक्ति अपनी कार, घर के मुख्य गेट या आसपास के सार्वजनिक क्षेत्र की सुरक्षा के लिए कैमरा लगाता है और उससे पड़ोसी की निजी गतिविधियां रिकॉर्ड नहीं होतीं, तो ऐसे मामले में कानूनी कार्रवाई की संभावना कम होती है। यानी शिकायत का आधार कैमरे की मौजूदगी नहीं, बल्कि उसका उपयोग और रिकॉर्डिंग का दायरा होता है।
पहले बातचीत से सुलझाने की करें कोशिश
विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे विवादों में सबसे पहला कदम बातचीत होना चाहिए। कई बार लोगों को यह पता ही नहीं होता कि उनके कैमरे का एंगल पड़ोसी के घर की ओर जा रहा है। ऐसे में शांतिपूर्ण तरीके से बात करने पर समस्या आसानी से सुलझ सकती है। महमूद आलम भी सलाह देते हैं कि कानूनी कार्रवाई से पहले पड़ोसी से सीधे बातचीत करें और उन्हें अपनी चिंता से अवगत कराएं। अक्सर कैमरे का एंगल बदलने या उसकी दिशा ठीक करने से विवाद खत्म हो जाता है।
ये भी पढ़ें: एक सड़क के नाम पर छिड़ा सियासी संग्राम: जानिए सुहरावर्दी एवेन्यू विवाद की पूरी कहानी
बात न बने तो कहां कर सकते हैं शिकायत?
अगर बातचीत के बाद भी स्थिति नहीं बदलती और आपको लगता है कि आपकी निजी गतिविधियों की रिकॉर्डिंग लगातार की जा रही है, तो आप स्थानीय स्तर पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। ऐसे मामलों में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए), सोसाइटी प्रबंधन समिति या स्थानीय प्रशासन से संपर्क किया जा सकता है। यदि मामला गंभीर हो और निजता का स्पष्ट उल्लंघन हो रहा हो, तो स्थानीय पुलिस थाने में भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। पुलिस मामले की जांच कर सकती है और यह देख सकती है कि कैमरे का उपयोग सुरक्षा के लिए किया जा रहा है या किसी व्यक्ति की निजी जिंदगी में हस्तक्षेप के लिए।
कानून क्या संदेश देता है?
कानून का उद्देश्य लोगों को सुरक्षा का अधिकार देना है, लेकिन इसके साथ ही हर व्यक्ति की निजता की रक्षा करना भी उतना ही जरूरी है। इसलिए कोई भी सुरक्षा उपकरण इस तरह इस्तेमाल नहीं किया जा सकता जिससे दूसरे व्यक्ति की निजी स्वतंत्रता प्रभावित हो। अधिवक्ता महमूद आलम के अनुसार, अपनी संपत्ति की सुरक्षा के लिए कैमरा लगाना पूरी तरह वैध है, लेकिन किसी दूसरे की निजी जिंदगी पर नजर रखना कानूनी रूप से गलत माना जा सकता है।












