NEET Paper Leak Case :नीट पेपर लीक का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, CBI ने प्रोफेसर पीवी कुलकर्णी को दबोचा

मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन के लिए होने वाली NEET परीक्षा के पेपर लीक मामले में CBI ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, CBI ने पुणे से पीवी कुलकर्णी नाम के प्रोफेसर को गिरफ्तार किया है।
NTA से जुड़े थे आरोपी प्रोफेसर
जानकारी के अनुसार, पीवी कुलकर्णी NEET परीक्षा कराने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) से जुड़े हुए थे। वह उस कमेटी का भी हिस्सा थे, जिसने परीक्षा के प्रश्न पत्र तैयार किए थे।
पेपर तैयार करने वाली टीम में थे शामिल
सूत्रों के मुताबिक, कुलकर्णी महाराष्ट्र के लातूर स्थित दयानंद साइंस कॉलेज में पढ़ाते थे। जांच एजेंसियों का दावा है कि पेपर लीक की शुरुआत सबसे पहले उन्हीं के जरिए हुई थी। मीडिया के एक सूत्र ने बताया कि कुलकर्णी प्रश्न पत्र तैयार करने की प्रक्रिया में शामिल थे और वहीं से पेपर बाहर पहुंचा।
CBI कर रही मामले की जांच
NEET पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में विवाद बढ़ने के बाद इसकी जांच CBI को सौंपी गई थी। एजेंसी लगातार इस मामले में कार्रवाई कर रही है और कई आरोपियों से पूछताछ भी की जा चुकी है। CBI अब यह पता लगाने में जुटी है कि पेपर लीक का नेटवर्क कितना बड़ा था और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही।











