पहले किया पीछा, फिर गाली-गलौज और कार में खींचने की कोशिश, दिल्ली के मुखर्जी नगर में छात्रा से बदसलूकी

दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में देर रात छात्रा के साथ कथित बदसलूकी का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। आरोप है कि कार सवार कुछ युवकों ने छात्रा पर आपत्तिजनक कमेंट किए, गाली-गलौज की और उसका पीछा करते हुए उसे जबरदस्ती कार में खींचने की कोशिश की। घटना के बाद छात्रा ने पुलिस में शिकायत दी और सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी जारी किया। वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
हकीकत पार्क के पास हुआ पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक, घटना 23 और 24 सितंबर की दरमियानी रात करीब साढ़े नौ बजे मुखर्जी नगर के हकीकत पार्क के पास हुई। छात्रा अपनी एक दोस्त के साथ वहां मौजूद थी। इसी दौरान एक सफारी गाड़ी में सवार कुछ युवक वहां पहुंचे। छात्रा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि युवकों ने पहले उस पर कमेंट किए और गालियां दीं। इसके बाद कार सवार युवक उनका पीछा करने लगा। छात्रा का आरोप है कि हालात उस समय और डरावने हो गए, जब आरोपी ने उसे और उसकी दोस्त को कथित तौर पर जबरदस्ती गाड़ी में खींचने की कोशिश की। घटना से डरी छात्रा ने बाद में पुलिस से संपर्क किया और पूरे मामले की लिखित शिकायत दी।
सोशल मीडिया पर VIDEO डालकर बताई घटना
मामले को लेकर छात्रा ने एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों का ध्यान इस घटना की ओर गया और पुलिस पर भी तुरंत कार्रवाई का दबाव बढ़ा। वीडियो में दिखाई दे रही घटना और छात्रा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय वहां कौन-कौन लोग मौजूद थे और उनकी भूमिका क्या थी।
गाड़ी की जांच से सामने आई अहम जानकारी
पुलिस जांच के दौरान जिस सफारी गाड़ी का इस्तेमाल होने की बात सामने आई, उसका नंबर DL11CF4447 बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, वाहन का रजिस्ट्रेशन किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर है, लेकिन घटना के वक्त गाड़ी नमन नाम का युवक चला रहा था। पुलिस के अनुसार नमन, अनिल कुमार का बेटा है। जांच में यह भी सामने आया कि नमन के साथ गाड़ी में दो-तीन अन्य युवक भी मौजूद थे। पुलिस अब इन सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
BNS की धाराओं में FIR दर्ज
मामले में मुखर्जी नगर थाने में FIR नंबर 390/26 दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की धारा 78, 79 और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को बाउंड डाउन किया गया है और मामले की जांच अभी जारी है। जांच के दौरान पुलिस शिकायत, वीडियो, वाहन से जुड़ी जानकारी और अन्य तथ्यों को खंगाल रही है।
ये भी पढ़ें: इंटर पास युवक बना डॉक्टर, सेक्सुअल हेल्थ से किडनी की बीमारी तक कर रहा था इलाज; हैदराबाद में फर्जी डॉक्टर गिरफ्तार
छात्राओं की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
मुखर्जी नगर दिल्ली का बड़ा कोचिंग हब है, जहां देशभर से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ाई के लिए आते हैं। ऐसे में रात के समय छात्राओं के साथ कथित बदसलूकी की घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। आरोपों की पूरी सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगी। अब देखना यह होगा कि पुलिस जांच में घटना को लेकर कौन-कौन से तथ्य सामने आते हैं और आरोपियों के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई की जाती है।




















