Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में चमकी नटेरन की बेटी, पूजा यादव ने हासिल किया तीसरा स्थान

नरसिंहपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय पट्टन की कक्षा 7वीं की छात्रा ने 'भारत के राष्ट्रीय प्रतीक चिन्ह' पर बनाया मॉडल, अधिकारियों ने की प्रस्तुति की सराहना
Follow on Google News
अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र देते हुए पूजा यादव को

विदिशा। जिले के नटेरन विकासखंड की छात्रा पूजा यादव ने राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय पट्टन की कक्षा 7वीं में पढ़ने वाली पूजा यादव ने नरसिंहपुर में आयोजित राज्य स्तरीय विज्ञान, गणित, पर्यावरण एवं सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी में तृतीय स्थान हासिल किया। पूजा ने प्रतियोगिता में 'भारत के राष्ट्रीय प्रतीक चिन्ह' विषय पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किया, जिसे निर्णायकों और अधिकारियों ने सराहा।

ब्लॉक से राज्य स्तर तक तय किया सफर

पूजा यादव की इस उपलब्धि की खास बात यह है कि उन्होंने प्रतियोगिता के अलग-अलग चरणों में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर तक का सफर तय किया। संकुल स्तर से शुरुआत करने के बाद पूजा ने ब्लॉक, जिला और संभाग स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके बाद उनका चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ, जहां उन्होंने अपनी प्रस्तुति से तीसरा स्थान हासिल किया। राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में पूजा ने अपने मॉडल के जरिए भारत के राष्ट्रीय प्रतीक चिन्हों से जुड़ी जानकारी को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया। मॉडल की जानकारी और उसे समझाने के दौरान छात्रा का आत्मविश्वास भी देखने को मिला।

एसपी और एसडीएम के सामने दिया प्रेजेंटेशन

प्रदर्शनी के दौरान पूजा यादव ने नरसिंहपुर जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी), एसडीएम और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के सामने अपने मॉडल का प्रेजेंटेशन दिया। अधिकारियों ने छात्रा की प्रस्तुति और विषय पर उसकी पकड़ की सराहना की। निर्णायकों ने भी मॉडल की प्रस्तुति और छात्रा के ज्ञान को सराहा। पूजा की इस सफलता से विद्यालय के शिक्षक और छात्र-छात्राओं के साथ ही नटेरन क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है। राज्य स्तर की प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल करना विद्यालय और क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

Breaking News

शिक्षिका किरण चौबे के मार्गदर्शन में तैयार हुआ मॉडल

पूजा यादव की सफलता में उनकी मार्गदर्शिका शिक्षिका किरण चौबे की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने छात्रा को मॉडल तैयार करने, विषय को समझने और उसे निर्णायकों के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए मार्गदर्शन दिया। प्रतियोगिता की तैयारी के दौरान मॉडल निर्माण की बारीकियों से लेकर प्रस्तुति तक शिक्षिका ने पूजा का सहयोग किया।

26 अगस्त को नर्मदा लाइनों के लिए 24 घंटे का शटडाउन,20 टंकियों से नहीं होगी सप्लाई

स्कूल और गांव में खुशी का माहौल

छात्रा की उपलब्धि पर बीआरसी ईश्वर शर्मा ने पूजा यादव और उनकी मार्गदर्शिका शिक्षिका किरण चौबे को बधाई दी। उन्होंने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूजा के पिता संदीप यादव, शाला प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह, संकुल प्राचार्य कृष्ण कांत महावर, जनशिक्षक मनोज चौकसे, प्रमोद अहिरवार सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ और ग्रामवासियों ने भी छात्रा की सफलता पर खुशी जताई और उसे शुभकामनाएं दीं। पूजा की इस उपलब्धि ने यह साबित किया है कि छोटे शहर और ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं भी सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर राज्य स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।

Ram Tiwari
By Ram Tiwari

Latest Posts