
भोपाल। मप्र के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि यूक्रेन में फंसे मध्य प्रदेश के स्टूडेंट्स को एक-दो दिन में भारत लाया जाएगा। केंद्र सरकार ने भी इस संबंध में एडवाइजरी जारी कर दी है। इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि- कांग्रेस, भाजपा की कॉपी कर रही है लेकिन कॉपी के यह परिणाम आ रहे हैं कि पार्टी के नेता-कार्यकर्ता घर बैठते जा रहे हैं।
यूक्रेन में फंसे स्टूडेंट्स को एक-दो दिन में भारत लाया जाएगा
गृह मंत्री ने कहा कि, यूक्रेन में रह रहे मध्यप्रदेश के स्टूडेंट्स को वापस लाने के लिए सरकार हर जरूरी कदम उठा रही है, उन्हें एक-दो दिन में भारत लाया जाएगा। प्रदेश के विद्यार्थियों को यूक्रेन से लाने के प्रयासों की खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मॉनिटरिंग कर रहे हैं। केंद्र सरकार ने भी एडवाइजरी जारी कर दी है। 22 या 23 तक सभी लोग घर वापस आ जाएं, इस पर ध्यान दिया जा रहा है।
#Ukrain में रह रहे मध्यप्रदेश के स्टूडेंट्स को वापस लाने के लिए सरकार हर जरूरी कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री जी स्वयं इस मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। केंद्र सरकार ने भी एडवाइजरी जारी कर दी है। pic.twitter.com/VhUZmWh6AC
— Dr Narottam Mishra (@drnarottammisra) February 21, 2022
कांग्रेस अब कभी सत्ता में नहीं आएगी
कार्यकर्ता मान चुका है कि कांग्रेस अब कभी सत्ता में नहीं आने वाली है। जैसे उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल में संभावना नहीं बची, वैसे ही मध्य प्रदेश में भी कोई संभावना नहीं रही है। यह इतिहास रहा है कि जहां भी 15 साल तक सत्ता से बाहर रही वहां फिर नहीं लौटी है। तमिलनाडु से लेकर मध्य प्रदेश तक में यह इतिहास है। वैसे भी 2023 का विधानसभा चुनाव कमलनाथ का आखिरी चुनाव है।दिग्विजय सिंह जिस प्रकार से कार्यकर्ताओं से बात कर रहे हैं, वास्तव में वो खुद की और कमलनाथ की बात कर रहे होंगे, क्योंकि अगले चुनाव में उनकी उम्र भी ज्यादा हो जाएगी, वे 80 पार कर चुके होंगे।
MP में कोरोना केस
प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 847 नए केस आए हैं, जबकि 1,475 लोग ठीक हुए हैं। प्रदेश में वर्तमान में संक्रमण दर 1.35% और रिकवरी रेट 97.39% है। वर्तमान में कुल एक्टिव केस 6,997 हैं। पिछले 24 घंटे में 68,746 टेस्ट हुए हैं।