Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

नागद्वारी मेले में सुरक्षा चाक-चौबंद, 30 बॉडी कैमरों से निगरानी; दो डॉग स्क्वॉड तैनात

पचमढ़ी के नागद्वारी मेले में नागपंचमी पर बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व ने 30 बॉडी-वॉर्न कैमरे, ANPR सिस्टम और दो डॉग स्क्वॉड तैनात किए हैं। वन विभाग प्लास्टिक के इस्तेमाल पर भी सख्ती कर रहा है और श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है।
नागद्वारी मेले में सुरक्षा चाक-चौबंद, 30 बॉडी कैमरों से निगरानी; दो डॉग स्क्वॉड तैनात
पचमढ़ी के नागद्वारी मेले में हाईटेक सुरक्षा

पचमढ़ी। नागद्वारी मेले की आधी अवधि पूरी होने के बाद 13 अगस्त को सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की उपसंचालक श्रीमती ऋषिभा नेताम ने पचमढ़ी, आलमोद समेत पूरे मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। नागपंचमी पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए वन विभाग ने सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया।

वन और वन्यजीवों की सुरक्षा पर जोर

निरीक्षण के दौरान वन एवं वन्यप्राणी सुरक्षा, स्वच्छता, निगरानी और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही से जुड़ी व्यवस्थाओं को देखा गया। अधिकारियों और कर्मचारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए गए। इस दौरान सहायक संचालक पचमढ़ी संजीव शर्मा, परिक्षेत्र अधिकारी और अन्य वन कर्मचारी मौजूद रहे।

प्लास्टिक के इस्तेमाल पर सख्ती

मेला क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त रखने के लिए दुकानों के लिए विशेष स्थान चिन्हित किए गए हैं। पंजीकृत दुकानदारों को प्लास्टिक सामग्री का इस्तेमाल कम से कम करने के निर्देश दिए गए हैं। वन क्षेत्र को कचरे और प्रदूषण से बचाने के लिए STR की ओर से “Pals & Pearls of Pachmarhi” जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। दुर्गम वन क्षेत्रों से पॉलीथीन और सिंगल यूज प्लास्टिक हटाने के लिए जिप्सी और अन्य 4-व्हील ड्राइव वाहनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

30 बॉडी-वॉर्न कैमरों से निगरानी

मेला क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने के लिए वन विभाग के कर्मचारियों को 30 बॉडी-वॉर्न कैमरे दिए गए हैं। श्रद्धालुओं को जंगल और मेला क्षेत्र साफ रखने के लिए चार मोटरसाइकिल और एक बोलेरो कैंपर के जरिए लगातार जागरूकता संदेश भी प्रसारित किए जा रहे हैं।

Breaking News

ANPR सिस्टम से वाहनों पर नजर

इस बार सुरक्षा व्यवस्था में ANPR (Automatic Number Plate Recognition) सिस्टम भी लगाया गया है। इससे पचमढ़ी आने वाले वाहनों की जानकारी दर्ज की जा रही है। धूपगढ़, शैलांजली, रोरीघाट और आलमोद बैरियर से प्रवेश करने वाले श्रद्धालुओं और वाहनों की जानकारी भी व्यवस्थित तरीके से दर्ज की जा रही है।

दो डॉग स्क्वॉड कर रहे सर्चिंग

वन और वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ वन्यजीव अवयवों की तस्करी रोकने के लिए पूरे मेला क्षेत्र में दो डॉग स्क्वॉड लगातार सर्चिंग और चेकिंग कर रहे हैं। पचमढ़ी क्षेत्र में सतपुड़ा टाइगर रिजर्व का प्रशिक्षित डॉग ‘अपोलो’ सर्चिंग और निगरानी कर रहा है। वहीं आलमोद क्षेत्र में छिंदवाड़ा वनमंडल का प्रशिक्षित डॉग ‘स्कूबी’ श्रद्धालुओं और वाहनों की जांच कर रहा है।

नागपंचमी पर बढ़ाई जाएगी निगरानी

नागपंचमी पर्व को देखते हुए वन विभाग ने मेला क्षेत्र में सुरक्षा, गश्त, सर्चिंग और निगरानी बढ़ा दी है। श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही के लिए भी विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्लास्टिक कचरा न फैलाएं, मेला क्षेत्र को स्वच्छ रखें और सतपुड़ा के प्राकृतिक पर्यावरण व वन्यप्राणियों की सुरक्षा में वन विभाग का सहयोग करें।

Neelam Tiwari
By Neelam Tiwari

नीलम तिवारी - सोहागपुर के वरिष्ठ पत्रकार, 40 वर्षों से निष्पक्ष, जनसरोकार और ग्रामीण मुद्दों की निर्...Read More

Latest Posts