मुंबई में पारिवारिक विवाद का खौफनाक अंजाम, 9 महीने के बेटे को स्काईवॉक से फेंकने के आरोप में पिता गिरफ्तार

मुंबई के घाटकोपर रेलवे स्टेशन के बाहर एक गंभीर घटना सामने आई है। यहां पत्नी से विवाद के दौरान एक पिता पर अपने 9 महीने के मासूम बेटे को स्काईवॉक से नीचे फेंकने का आरोप है। घटना में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले राजावाडी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने के कारण सायन अस्पताल के ICU में शिफ्ट किया गया। पुलिस ने मां की शिकायत पर आरोपी पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
रविवार रात स्काईवॉक पर हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक यह घटना रविवार, 25 अक्टूबर की रात करीब 8 बजकर 10 मिनट की है। आरोपी की पहचान जाफर शेख (23) के रूप में हुई है। उस समय उसकी 22 वर्षीय पत्नी आरती जाफर शेख अपने 9 महीने के बच्चे के साथ घाटकोपर रेलवे स्टेशन के बाहर बने स्काईवॉक पर मौजूद थीं। इसी दौरान जाफर शेख वहां पहुंचा और पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान दोनों के बीच गाली-गलौज हुई। इसके बाद गुस्से में आकर जाफर शेख ने बच्चे को जान से मारने के इरादे से स्काईवॉक से नीचे फेंक दिया।
गंभीर हालत में सायन अस्पताल के ICU में भर्ती बच्चा
घटना के बाद बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से आरती बच्चे को तुरंत राजावाडी अस्पताल लेकर पहुंचीं। हालांकि बच्चे की हालत की गंभीरता को देखते हुए उसे आगे के इलाज के लिए सायन अस्पताल के ICU में शिफ्ट कर दिया गया। फिलहाल बच्चे की स्थिति को लेकर विस्तृत मेडिकल जानकारी सामने नहीं आई है।
मां की शिकायत पर मामला दर्ज, आरोपी पिता गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आरती जाफर शेख की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।




















