होटल के कमरे में घुसते ही जमीन पर गिरी नवविवाहिता, CCTV में कैद हुई घटना; पति पर हत्या का आरोप!

उत्तर प्रदेश के झांसी में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना से पहले का होटल का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें महिला कमरे के दरवाजे के पास अचानक जमीन पर गिरती दिखाई दे रही है। महिला की शादी करीब तीन महीने पहले हुई थी। इस मामले में मृतका के मायके वालों ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
CCTV फुटेज में क्या दिखाई दे रहा है?
सोशल मीडिया पर सामने आए 47 सेकेंड के CCTV फुटेज में तीन लोग होटल की गैलरी से कमरे की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। इनमें से दो लोग कमरे के अंदर चले जाते हैं। इसके बाद महिला भी कमरे में जाने लगती है, लेकिन दरवाजे के पास अचानक जमीन पर गिर जाती है। बताया जा रहा है कि घटना झांसी के ऋषभ होटल की है। महिला की पहचान 28 वर्षीय मुस्कान के रूप में हुई है। वह अपने पति नीलेश के साथ होटल में ठहरी हुई थी। घटना के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पति ने बताया- अचानक गिर गई थी पत्नी
एसपी प्रीति सिंह के मुताबिक, कोतवाली पुलिस के जरिए सीपरी बाजार थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला को जिला अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया है। पुलिस अस्पताल पहुंची, जहां महिला का पति भी मौजूद था। पूछताछ में पति ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ होटल में रुका हुआ था। सुबह चेकआउट के दौरान दोनों कमरे में गए थे, तभी पत्नी अचानक गिर गई। इसके बाद होटल स्टाफ की मदद से उसे ऑटो से अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने होटल पहुंचकर CCTV फुटेज की जांच की। इसमें महिला कमरे में जाते समय गिरती दिखाई दे रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतका के पिता की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।
पिता ने लगाया हत्या का आरोप
मृतका के पिता रामजी लाल अहिरवार ने अपने दामाद पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बेटी की शादी 29 जून 2026 को हुई थी। 23 अक्टूबर की रात दामाद उसे यह कहकर अपने साथ ले गया था कि वह उसे मौसी के घर गणेश बिहार ले जा रहा है। पिता के मुताबिक, बाद में उन्हें होटल पहुंचने के लिए फोन आया। वहां जानकारी मिली कि बेटी मौसी के घर जाने के बजाय होटल में रुकी थी। उन्होंने दामाद पर गुमराह करने का आरोप लगाया। पिता का शक है कि बेटी के सिर पर चोट पहुंचाकर उसकी हत्या की गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मायके पक्ष के आरोपों के बाद पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, महिला की मौत के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं है।




















