PlayBreaking News

MP Weather Update :आसमान से बरस रही आग! 12 शहरों में तापमान 43°C पार, 37 जिलों में हीटवेव का अलर्ट

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर जारी है। खंडवा में तापमान 45.1 डिग्री पहुंच गया, जबकि भोपाल में सड़क का डामर पिघल गया। 37 जिलों में हीटवेव और कई शहरों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अगले 4 दिन प्रदेश में तेज लू और गर्म रातों का असर बना रहेगा।
Follow on Google News
आसमान से बरस रही आग! 12 शहरों में तापमान 43°C पार, 37 जिलों में हीटवेव का अलर्ट

भोपाल। मध्य प्रदेश इस वक्त आग उगलती गर्मी की चपेट में है। हालात ऐसे हैं कि सड़कों का डामर तक पिघलने लगा है। खंडवा में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया, जबकि राजधानी भोपाल में लोगों को दोपहर में घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में भीषण लू और गर्म रातों की चेतावनी जारी की है।

12 शहरों में पारा 43°C के पार

शुक्रवार को मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी दर्ज की गई। प्रदेश के 12 से ज्यादा शहरों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। सबसे ज्यादा तापमान खंडवा में 45.1°C रिकॉर्ड किया गया। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, खरगोन और शाजापुर समेत कई शहरों में लोगों को दिनभर झुलसाने वाली गर्म हवाओं का सामना करना पड़ा।

भोपाल में पिघला सड़क का डामर

राजधानी भोपाल में गर्मी का असर इतना ज्यादा देखने को मिला कि, कई जगहों पर सड़क का डामर तक पिघल गया। दोपहर के समय सड़कें तपती नजर आईं और गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार दिनों तक प्रदेश में गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

37 जिलों में हीटवेव का अलर्ट

मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 37 जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में लू का असर रहेगा-

भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, सीहोर, शाजापुर, राजगढ़, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर, झाबुआ, अलीराजपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सागर, दमोह और मंडला समेत कई जिले शामिल हैं।

इंदौर-उज्जैन समेत इन शहरों में ऑरेंज अलर्ट

इंदौर, उज्जैन, रतलाम, धार और देवास में मौसम विभाग ने तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तापमान 43 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि यहां गर्म हवाओं का असर सबसे ज्यादा रहेगा और स्वास्थ्य पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।

वॉर्म नाइट से बढ़ेगी परेशानी

प्रदेश के इंदौर, उज्जैन और मंडला में वॉर्म नाइट की स्थिति बनी रहेगी। इसका मतलब है कि रात का तापमान भी सामान्य से ज्यादा रहेगा और लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। लगातार गर्म रातें लोगों की परेशानी और बढ़ा सकती हैं।

कई जिलों में तेज गर्मी, लेकिन लू नहीं

जबलपुर, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली, कटनी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, बालाघाट, छिंदवाड़ा और बैतूल समेत कई जिलों में भी तेज गर्मी का असर रहेगा। हालांकि यहां लू का अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना रहेगा।

शाम को बदला मौसम, कहीं ओले तो कहीं आंधी

प्रदेश में दिनभर भीषण गर्मी के बाद शाम को कई जिलों में मौसम ने करवट ली। कटनी में तेज आंधी और हवाओं के साथ ओले गिरे। वहीं उमरिया में तेज बारिश हुई, जिससे खरीदी केंद्रों में रखा गेहूं भीग गया। सागर, दमोह, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी और विदिशा समेत कई जिलों में भी तेज हवाओं और बादलों का असर देखने को मिला।

प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान

शहर

अधिकतम तापमान

खंडवा

45.1°C

शाजापुर

44.6°C

खरगोन

44.2°C

रतलाम

44.0°C

नौगांव

44.0°C

रायसेन

43.8°C

नरसिंहपुर

43.8°C

खजुराहो

43.4°C

छिंदवाड़ा

43.2°C

भोपाल

42.8°C

उज्जैन

42.5°C

इंदौर

41.8°C

जबलपुर

41.8°C

ग्वालियर

40.9°C

अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 16 से 19 मई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी बनी रहेगी। कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। इंदौर, उज्जैन, रतलाम और धार जैसे जिलों में अगले कुछ दिनों तक ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा।

मई में 15 में से 13 दिन बदला मौसम

प्रदेश में 30 अप्रैल से आंधी और बारिश का दौर शुरू हुआ था। पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवात और ट्रफ लाइन के असर से मई के पहले सप्ताह में लगातार बारिश हुई। 11 मई को मौसम साफ हुआ, लेकिन 12 से 15 मई के बीच फिर कई जिलों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि देखने को मिली। इस तरह मई के 15 दिनों में से 13 दिन मौसम का असर बना रहा।

मौसम वैज्ञानिक ने दी चेतावनी

मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक सबसे ज्यादा गर्मी का असर रहेगा। लोगों को बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग की एडवाइजरी

मौसम विभाग ने लोगों के लिए जरूरी सलाह जारी की है-

  • दिनभर पर्याप्त पानी पीते रहें।
  • शरीर को हाइड्रेट रखें।
  • दोपहर 12 से 3 बजे तक धूप में जाने से बचें।
  • हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें।
  • बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
  • बाहर निकलते समय सिर ढककर निकलें।
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts