PlayBreaking News

MP Weather Update :सीजन में पहली बार 'वॉर्म नाइट' का अलर्ट, भोपाल समेत 9 शहरों में असर; अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम

गर्मी के इस सीजन में मध्य प्रदेश में पहली बार वॉर्म नाइट का अलर्ट जारी हुआ है। भोपाल समेत 9 शहरों में रात भी गर्म रहेगी, जबकि कई जिलों में पारा 42-43 डिग्री पार पहुंच गया है। डिंडौरी में लू का अलर्ट है। अगले 4 दिन तेज गर्मी का दौर जारी रहेगा, मौसम विभाग ने सावधानी बरतने की सलाह दी है।
Follow on Google News
सीजन में पहली बार 'वॉर्म नाइट' का अलर्ट, भोपाल समेत 9 शहरों में असर; अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम

भोपाल। मध्य प्रदेश में इस बार गर्मी ने नया रूप ले लिया है। IMD ने पहली बार इस सीजन में ‘वॉर्म नाइट’ का अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब यह है कि, अब लोगों को दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। मंगलवार रात भोपाल समेत 9 शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी ज्यादा रहने वाला है, जिससे रात में भी उमस और बेचैनी बनी रहेगी।

9 शहरों में ‘वॉर्म नाइट’ का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल, सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में ‘वॉर्म नाइट’ की स्थिति रहने वाली है। इन शहरों में रात का तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इससे पहले भी रविवार और सोमवार की रात कुछ शहरों में गर्म रात दर्ज की जा चुकी है, जिससे साफ है कि अब यह स्थिति धीरे-धीरे बढ़ रही है।

क्या होती है ‘वॉर्म नाइट’?

मौसम विभाग के मुताबिक, ‘वॉर्म नाइट’ ऐसी स्थिति होती है, जब रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस तक अधिक हो जाता है और दिन का तापमान 40 डिग्री या उससे ऊपर रहता है। अगर यह अंतर 6.4 डिग्री से ज्यादा हो जाए, तो इसे ‘सीवियर वॉर्म नाइट’ कहा जाता है। फिलहाल प्रदेश में ऐसी गंभीर स्थिति नहीं बनी है, लेकिन हालात उसी दिशा में बढ़ते नजर आ रहे हैं।

यह भी पढ़ें: शादी से पहले दूल्हा पहुंचा कलेक्टर दरबार: दबंग ने रोका रास्ता, बारात अटकने का संकट

कई शहरों में पारा 42-43°C के पार

प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन के समय भीषण गर्मी का दौर जारी है। खजुराहो में तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गया, जो सबसे ज्यादा रहा। इसके अलावा ग्वालियर में 42.5 डिग्री, दतिया में 42.3 डिग्री और रतलाम व सीधी में 42.2 डिग्री दर्ज किया गया। बड़े शहरों में भी गर्मी का असर साफ दिखा, जहां भोपाल, इंदौर और उज्जैन में पारा करीब 40 डिग्री के आसपास रहा।

शहरवार तापमान 

शहर

अधिकतम (°C)

न्यूनतम (°C)

भोपाल

39.8

23.4

ग्वालियर

42.5

23.3

इंदौर

39.5

24.4

उज्जैन

39.5

22.0

खजुराहो

43.0

25.0

रीवा

42.0

22.0

सतना

42.0

24.9

टीकमगढ़

40.0

25.0

कई जिलों में हीटवेव 

डिंडौरी में लू का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि ग्वालियर, भिंड, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, सतना और रतलाम समेत कई जिलों में हीटवेव जैसी स्थिति बनी हुई है। इन क्षेत्रों में तापमान 43 से 44 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है।

अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम

अगले चार दिनों तक प्रदेश में गर्मी का असर बना रहेगा। 21 अप्रैल से लेकर 24 अप्रैल तक कई जिलों में तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। कुछ इलाकों में लू चलेगी, जबकि अधिकतर जिलों में तेज गर्मी का असर रहेगा। इस दौरान रात का तापमान भी ज्यादा रहेगा, जिससे दिन-रात दोनों समय गर्मी से राहत मिलना मुश्किल होगा।

MP weather update

क्यों बदल रहा है मौसम?

मौसम में इस बदलाव के पीछे पिछले कुछ दिनों से सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ सिस्टम को वजह माना जा रहा है। इसके कारण प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहे और कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हुई। हालांकि, इससे तापमान में खास गिरावट नहीं आई, बल्कि उमस और गर्मी दोनों बढ़ गई हैं।

कहीं बारिश, कहीं उमस

हाल ही में इंदौर, खरगोन, उज्जैन, सागर और नर्मदापुरम समेत कई जिलों में आंधी और बारिश देखने को मिली। इसके चलते कुछ समय के लिए मौसम में बदलाव आया, लेकिन बाद में गर्मी फिर बढ़ गई। 

मौसम विभाग की एडवायजरी

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि, वे दिनभर पर्याप्त पानी पीते रहें और खुद को हाइड्रेट रखें। दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचें और हल्के, सूती कपड़े पहनें। खासकर बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान रखना जरूरी है, क्योंकि वे गर्मी से जल्दी प्रभावित होते हैं।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts