शादी से पहले दूल्हा पहुंचा कलेक्टर दरबार: दबंग ने रोका रास्ता, बारात अटकने का संकट

इंदौर जनसुनवाई में शादी से पहले एक दूल्हा मदद मांगने पहुंचा। युवक ने दबंग पर घर के सामने रास्ता रोकने का आरोप लगाया। 25 तारीख की शादी से पहले बारात अटकने का संकट बताया। कलेक्टर से कार्रवाई की मांग की गई। प्रशासन ने आवेदन लेकर संबंधित विभाग को भेज दिया।
दबंग ने रोका रास्ता, बारात अटकने का संकट

इंदौर कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार की जनसुनवाई में एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया। शादी के ठीक पहले एक दूल्हा मदद की गुहार लेकर अधिकारियों के सामने पहुंच गया। दूल्हे ने आरोप लगाया कि गांव के एक दबंग ने उसके घर के सामने नाली पर रास्ता बनने से रोक रखा है, जिससे परिवार का आना-जाना तक मुश्किल हो गया है। अब 25 तारीख को होने वाली शादी पर भी संकट मंडराने लगा है और दूल्हे ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

पीड़ित युवक ने अधिकारियों को बताया कि घर तक पहुंचने का रास्ता बंद होने से शादी की तैयारियां प्रभावित हो रही हैं। बारात, रिश्तेदार और मेहमान घर तक कैसे पहुंचेंगे, इसे लेकर परिवार चिंता में है। दूल्हे का कहना है कि दबंग की मनमानी के चलते परिवार रोजाना परेशानी झेल रहा है, लेकिन अब शादी सिर पर होने से मामला और गंभीर हो गया है। उसने कलेक्टर से रास्ता खुलवाने और दबंग पर कार्रवाई की मांग की।

/img/67/1776755810318

 

जनसुनवाई में यह मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक अमले ने आवेदन लेकर संबंधित विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं जनसुनवाई में सड़क और गड्ढों की शिकायतें भी पहुंचीं। खोडल तहसील रोड की बदहाल स्थिति को लेकर भी शिकायत दर्ज हुई, जिस पर संबंधित विभाग को कार्रवाई के लिए भेजा गया है। दूल्हे की फरियाद के बाद यह मामला चर्चा में है। एक ओर शादी की खुशियां, दूसरी ओर दबंगई के चलते रास्ता बंद होने का आरोप ,इसने पूरे मामले को संवेदनशील बना दिया है।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

Latest Posts