मध्यप्रदेश में पहली बार रिहाई के बाद भी कैदियों पर नजर रखेगा जेल विभाग, रोजगार से लेकर पुनर्वास तक मिलेगी मदद

मध्यप्रदेश में जेल विभाग कैदियों की रिहाई के बाद भी फॉलोअप करेगा। रोजगार, परिवार और सामाजिक स्वीकार्यता में मदद कर उन्हें दोबारा अपराध से रोकेगा।
मध्यप्रदेश में पहली बार रिहाई के बाद भी कैदियों पर नजर रखेगा जेल विभाग, रोजगार से लेकर पुनर्वास तक मिलेगी मदद

विजय एस. गौर, भोपाल। जेल से सजा पूरी होने के बाद बाहर निकलना किसी कैदी के लिए नई जिंदगी की शुरुआत होती है, लेकिन समाज में दोबारा जगह बनाना आसान नहीं होता। इसी चुनौती को देखते हुए मध्यप्रदेश का जेल विभाग अब रिहाई के बाद भी कैदियों से संपर्क बनाए रखेगा। रोजगार शुरू करने से लेकर सामाजिक स्वीकार्यता और पारिवारिक समस्याओं तक में मदद की जाएगी। 

प्रदेश में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य कैदियों को आत्मनिर्भर बनाकर दोबारा अपराध की दुनिया में लौटने से रोकना है। प्रदेश के 11 सेंट्रल जेलों, 41 जिला जेलों, 73 उप जेलों के साथ 8 खुली जेलों की क्षमता अधिकतम 32 हजार है, जिसके मुकाबले करीब 45 हजार कैदी हैं।

देवरी के किसान ने जेल में सीखी संध्या आरती

जेल विभाग की इस पहल का असर दो मामलों में सामने आया है। पहला-हत्या के आरोप में 28 साल बाद भोपाल जेल से रिहा कैदी ने झाबुआ लौटने पर फर्नीचर का काम शुरू किया। इंदौर और झाबुआ जेल अधिकारियों ने स्थानीय स्तर पर बात करके मदद की। इससे परिवार को आर्थिक सहारा मिला। दूसरा-जमीन के झगड़े और जानलेवा हमले के मामले में 10 साल की सजा काटकर सागर जेल से निकले देवरी के युवा किसान ने जेल में सीखी संध्या आरती और भजन मंदिर में शुरू किए तो धीरे-धीरे गांव के लोग उससे जुड़ते चले गए।

Bhopal Police Transfer: जोन-3 के 34 पुलिसकर्मियों के तबादले, DCP जोन-3 ने जारी किया आदेश; देखें किसे कहां मिली नई पोस्टिंग

साइकोलॉजिकल केयर सेंटर और प्रोजेक्ट प्रहरी

ज्ञात हो कैदियों में हिंसा, तनाव और अपराध की प्रवृत्ति रोकने को जेल महकमे ने चुनौती की तरह लेकर राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी (RRU), गांधीनगर के साथ एमओयू के बाद भोपाल सेंट्रल जेल में साइकोलॉजिकल केयर सेंटर शुरू किया है। यह सेंटर धीरे-धीरे सभी सेंट्रल जेलों और जिला जेलों में शुरू होंगे, जिसके लिए जेल अधिकारियों की ट्रेनिंग भी हो रही है।

  • भोपाल सेंट्रल जेल में मनोसामाजिक सेवा और पुनर्वास केंद्र (प्रोजेक्ट प्रहरी) चल रहा है। यहां आरआरयू (राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी) के विशेषज्ञ काउंसलर्स कैदियों की डेली काउंसलिंग और मानसिक स्वास्थ्य जांच रहे हैं।
  • हार्डकोर क्रिमिनल की मानसिक जांच कर व्यवहार सुधार और मानसिक स्वास्थ्य पर काम किया जा रहा है, ताकि जेल के भीतर हिंसा कम हो और आत्महत्या जैसे विचारों से बच सके।
  • प्रदेश के जेल अधिकारियों और कर्मचारियों को भी मानसिक स्वास्थ्य और काउंसलिंग का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

बेगमगंज में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई, पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च

कैदी दोबारा अपराध की ओर न जाए

जेलें सिर्फ सजा काटने का स्थान नहीं हैं, बल्कि कैदियों के जीवन में सुधार लाने का माध्यम भी हैं। प्रोजेक्ट प्रहरी से कैदियों में अवसाद और हिंसा की पहचान करके मनोचिकित्सा होती है। कैदी रिहा होकर जाए तो अपने परिवार का भरण पोषण कर सके, जिससे दोबारा अपराध की ओर नहीं जाए। फॉलोअप के साथ ही कैदियों की परेशानी पर संबंधित से बात करके निराकरण होता है।

-डॉ. वरुण कपूर, महानिदेशक, जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं।

Jitendra Shrivastava
By Jitendra Shrivastava

शांत स्वभाव और सौम्य व्यक्तित्व के साथ खबरों की गहरी समझ। यही पहचान है जितेंद्र श्रीवास्तव की। पिछले...

Latest Posts