इंदौरग्वालियरजबलपुरभोपालमध्य प्रदेश

MP Panchayat Chunav Results : 51 में से 40 जिला पंचायतों में BJP का कब्जा, कांग्रेस के खाते में आई 10, गोंगपा को मिली 1 सीट

मप्र के 51 जिलों की जिला पंचायतों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के नतीजे आ गए हैं। प्रदेश 51 में से 40 जिलों में बीजेपी ने अपने अध्यक्ष बनने का दावा किया है। वहीं, कांग्रेस ने 10 जिलों में जीत मिलने की बात कही जा रही है। सिवनी में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का समर्थित अध्यक्ष बना है। सीधी का मामला कोर्ट में विचाराधीन होने के कारण यहां चुनाव नहीं हुए। वहीं दिलचस्प मुकाबला भोपाल में रहा, जहां पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की भाजपा नेताओं और पुलिस के साथ झड़प हुई।

ऐसा व्यवहार पूर्व सीएम को शोभा नहीं देता : सीएम शिवराज

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने दिग्विजय सिंह पर हमला बोलते हुए कहा कि ऐसा अशोभनीय व्यवहार किसी पूर्व मुख्यमंत्री को शोभा नहीं देता है। पुलिस अफसर का कॉलर पकड़ रहे हैं, कलेक्ट्रेट के गेट को धक्का देकर तोड़ने की कोशिश कर रहे है। लोकतंत्र में जय और पराजय चलती रहती है, लेकिन ऐसी बौखलाहट कि आप पुलिस अफसर का कॉलर पकड़ें, यह अधिकार आपको किसने दिया? मुझे आश्चर्य है कि कोई व्यक्ति 10 साल तक मुख्यमंत्री रहकर ऐसी प्रतिक्रिया दे! यह तो कांग्रेस की बौखलाहट का प्रतीक है। जमीन खिसक गई, तो गालियां दो, कॉलर पकड़ो, मैं इसकी घोर निंदा करता हूं।

पुलिस से गुंडागर्दी कर रहे हैं दिग्विजय : वीडी शर्मा

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने दिग्विजय सिंह पर हमला बोलते हुए कहा कि देश में आतंकवादियों का समर्थन एवं सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाने वाले दिग्विजय सिंह पुलिस अधिकारी से गुंडागर्दी कर रहे हैं। लोकतंत्र में गुंडागर्दी से वोट नहीं मिलता। कांग्रेस का अपराधिकरण का मूल चरित्र सामने आया है, मैं इसकी कड़ी आलोचना करता हूं।

भाजपा ने इतिहास रचा है : वीडी शर्मा

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि जनपद के बाद जिला पंचायत के चुनाव में भी भाजपा प्रचंड बहुमत से विजयी हुई है। भाजपा ने आज भी 51 जिलों के परिणामों में से 40 पर जीत दर्ज कर पुनः इतिहास रचा है। इसके लिए कार्यकर्ताओं और भाजपा नेतृत्व को बधाई एवं भाजपा पर विश्वास जताने के लिए सभी मतदाताओं का आभार।

दिग्विजय सिंह ने की पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की

भोपाल जिला पंचायत चुनाव के दौरान प्रक्रिया का विरोध कर रहे कांग्रेसियों की पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। भाजपा नेता कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए सदस्यों को लेकर कलेक्ट्रेट में अंदर चले गए जब कांग्रेस के नेताओं को अंदर नहीं जाने इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एसीपी उमेश तिवारी की कालर पकड़ ली। मामला गरमाने के बाद दिग्विजय सिंह ने सफाई दी कि मैंने कालर नहीं पकड़ी मुझे धक्का मारा जा रहा था, इसलिए मैने बचाव किया।

कांग्रेस का 10 जगह जीतने का दावा

कांग्रेस ने राजगढ़, सिंगरौली, झाबुआ, देवास, डिंडौरी, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, अनूपपुर, दमोह, बालाघाट में अपनी पार्टी के समर्थक के अध्यक्ष का पद जीतने का दावा किया है। कांग्रेस ने रतलाम में भी कांग्रेस प्रत्याशी के जीतने का दावा किया था, लेकिन बाद में तीन वोट रद्द कर दिए गए। जिसके बाद कांग्रेस अपील में चली गई। वहीं, धार और उमरिया में बीजेपी और कांग्रेस को बराबर वोट मिले थे। ड्रा में कांग्रेस प्रत्याशी हार गए।

बीजेपी ने 40 जगह कब्जा किया

वहीं, बीजेपी ने कटनी, मंदसौर, दतिया, मुरैना, नरसिंहपुर, शहडोल, सागर, ग्वालियर, गुना, भिंड, शिवपुरी, बुरहानपुर, शाजापुर, मंडला, रायसेन, सीहोर, पन्ना, टीकमगढ़, रीवा, बड़वानी, निवाड़ी, विदिशा, सतना, उज्जैन, आगर, बैतूल, अशोकनगर, धार, खरगोन, उमरिया, खंडवा, इंदौर, नीमच, श्योपुर, छतरपुर और हरदा में अपनी पार्टी के समर्थक के जीतने का दावा किया है।

जबलपुर में भाजपा का अध्यक्ष बना

जबलपुर जिला पंचायत अध्यक्ष में भाजपा समर्थित संतोष बरकडे जीते हैं, जिन्हें की 8 वोट मिले। जबकि, कांग्रेस के राजकुमार सैयाम को 7 मत मिले। वही 2 वोट निरस्त भी हुए। जिला पंचायत सदस्य के 9 वोट लेकर कांग्रेस मान रही थी कि इस बार अध्यक्ष उनका ही होगा पर वोटिंग के समय दो वोट निरस्त होने के बाद समीकरण जीत के भाजपा की तरफ चले थे।

भोपाल में भाजपा का कब्जा

राजधानी में भारी गहमागहमी और हंगामे के बीच जिला पंचायत की कुर्सी पर भाजपा अपना प्रत्‍याशी बिठाने में कामयाब रही। भोपाल जिला पंचायत के 3 कांग्रेस सदस्यों की क्रॉस वोटिंग कराकर भाजपा ने अध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया है। कांग्रेस से बागी रामकुंवर गुर्जर अध्यक्ष बन गई हैं। गुर्जर ने कांग्रेस की रश्मि भार्गव को एक वोट से हराया। चुनाव से पूर्व रामकुंवर गुर्जर और बिजिया राजोरिया के अलावा एक अन्‍य कांग्रेस सदस्‍य पाला बदलकर भाजपा के साथ हो लिए। इसके बाद भाजपा ने रामकुंवर गुर्जर को अध्‍यक्ष पद का दावेदार बनाते हुए पर्चा दाखिल कराया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष को साथ लेकर गए मंत्री

रामकुंवर गुर्जर के अध्यक्ष बनने के बाद मंत्री भूपेंद्र सिंह, विश्वास सारंग और विधायक रामेश्वर शर्मा उन्हें लेने अंदर पहुंचे। जीत का सर्टिफिकेट लेने के बाद वे गुर्जर को साथ में लेकर आए। मंत्री सारंग नवनिर्वाचित अध्यक्ष गुर्जर को अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गए।

धार में रहा रोचक मुकाबला

धार में भाजपा-कांग्रेसी के जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशियों को मिले 14/14 मत। गोटी डालकर फैसला हुआ। जिसमें भाजपा के सरदार मिडा जिला अध्यक्ष बने।

इंदौर में रीना मालवीय जीतीं

इंदौर में रीना मालवीय इंदौर जिला पंचायत परिषद के अध्यक्ष पद का चुनाव जीत लिया है। भाजपा प्रत्याशी रीना को कुल 17 में से 12 वोट मिले। उन्होंने कांग्रेस की ममता चौबीसिया को पराजित किया।

दिग्विजय ने सरकार पर लगाए आरोप

भोपाल जिला पंचायत अध्यक्ष पद को लेकर बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने हो गई है। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और पूर्व मंत्री सुरेश पचौरी आदि नेताओं को पुलिस ने अंदर नहीं जाने दिया। इसके चलते कांग्रेसियों ने आपत्ति जताई है। दिग्विजय सिंह ने जिला प्रशासन और पुलिस पर सरकार के दवाब में काम करने का आरोप लगाया है। इधर, बाहर खड़े कांग्रेसी नारेबाजी कर रहे हैं। विधायक हुकुमसिंह कराड़ा, पीसी शर्मा, आरिफ मसूद समेद बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद है।

जिला पंचायत पहुंचे दिग्विजय सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जिस भी कांग्रेस सदस्य ने कांग्रेस की उम्मीदवार को वोट नहीं दिया उसे मेरे जीते जी कभी कांग्रेस में आने नहीं दूंगा। आज ही उसका कांग्रेस पार्टी से निष्कासन किया जाएगा।

इन जिलों के अध्यक्ष निर्वाचित

  • राजगढ़ जिले में कांग्रेस के चन्दर सिंह सौंधिया जिला अध्यक्ष निर्वाचित।
  • दमोह जिले में कांग्रेस की रंजीता पटेल जीतीं। इनके पति गौरव पटेल 2018 में कांग्रेस से पथरिया विस से कांग्रेस प्रत्याशी थे। रंजीता पथरिया जनपद अध्यक्ष रह चुकी हैं।
  • अनूपपुर जिले में कांग्रेस की प्रीति रमेश सिंह जिला अध्यक्ष बनीं।
  • अनुपपुर जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर कांग्रेस का कब्ज़ा, कांग्रेस की प्रीति रमेश सिंह 01 वोट से जीतीं।
  • खरगोन में जिला पंचायत अध्यक्ष भाजपा की अन्नू भारत सिंह तंवर जीतीं।
  • सीहोर में भाजपा के गोपाल इंजीनियर बने जिला पंचायत अध्यक्ष।
  • नर्मदापुरम (होशंगाबाद) में कांग्रेस समर्थित राधाबाई सुधीर पटेल केवल 1 वोट से जीतीं।
  • मुरैना जिले में आरती गुर्जर जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं।
  • छिंदवाड़ा से कांग्रेस के संजय पूनार निविर्रोध अध्यक्ष चुने गए।
  • भिंड में भाजपा की कामना सुनील सिंह निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गईं।
  • खरगोन में कांग्रेस समर्थित रेवाराम पाटीदार जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर निर्वाचित।
  • मंदसौर में दुर्गा विजय पाटीदार निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं।
  • सागर के हीरा सिंह राजपूत बने निर्विरोध अध्यक्ष।
  • ग्वालियर में दुर्गेश कुंवर सिंह जाटव निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष चुनी गईं।
  • दतिया से भाजपा की इंदिरा धीरू दांगी जिला पंचायत अध्यक्ष चुनी गईं।
  • शहडोल जिला पंचायत अध्यक्ष के पद पर भाजपा की प्रभा मिश्रा निर्विरोध चुनी गईं।
  • शाजापुर जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा के हेमराज सिसोदिया निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित।
  • निवाड़ी में जिला पंचायत अध्यक्ष पर बीजेपी समर्थक सरोज राय निर्विरोध चुनी गईं।
  • कटनी में भाजपा समर्थक सुनीता मेहरा जिला पंचायत अध्यक्ष चुनी गई हैं।
  • गुना में भाजपा समर्थक अरविंद धाकड़ भी निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष बने हैं।
  • रायसेन जिला पंचायत अध्यक्ष पर कांग्रेस से भाजपा में आए जसवंत बबलू मीणा निर्विरोध चुने गए।

सीधी जिले में चुनाव स्थगित

कई जिलों में बहुमत का आंकड़ा छूने वाले संभावित अध्यक्ष, सदस्यों की भोपाल में सीएम से मुलाकात भी करा चुके हैं। सीधी जिले में जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव फिलहाल नहीं हो रहा है। इनका मामला कोर्ट में विचाराधीन है।

ये भी पढ़ें: MP Panchayat Chunav Results : 312 जनपद अध्यक्षों को लेकर BJP-कांग्रेस के अपने-अपने दावे, CM शिवराज बोले- 226 जनपदों में भाजपा के अध्यक्ष जीते; कांग्रेस का दावा- 167 जनपदों में जीते

ये भी पढ़ें: MP Panchayat Chunav 2022 : जनपद पंचायतों में BJP का दबदबा, CM शिवराज बोले- 121 जनपदों में भाजपा समर्थक अध्यक्ष बने; 43 सीटों पर कांग्रेस का कब्जा

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button