Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

एमपी में मौसम ने ली करवट:कई जिलों में बारिश, 22 जिलों में लू का अलर्ट; स्कूलों में छुट्टियां घोषित

प्रदेश में भीषण गर्मी के चलते कई जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है और तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच गया है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए भोपाल, इंदौर समेत कई शहरों में 8वीं तक के स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं।
कई जिलों में बारिश, 22 जिलों में लू का अलर्ट; स्कूलों में छुट्टियां घोषित

मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है। रविवार शाम करीब 4 बजे महू में तेज बारिश हुई जबकि भोपाल के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। रतलाम और सीहोर में भी तेज बरसात हुई जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश के संकेत दिए हैं।

22 जिलों में लू का अलर्ट

मौसम विभाग ने रविवार को ग्वालियर सहित 22 जिलों में हीट वेव यानी लू का अलर्ट जारी किया है। इनमें भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, रायसेन, नर्मदापुरम, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, धार और अलीराजपुर जैसे जिले शामिल हैं। भोपाल, इंदौर और उज्जैन में भी गर्मी का असर बना हुआ है।

कहीं बारिश, कहीं तेज धूप

एक तरफ जहां गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है वहीं रविवार दोपहर बाद महू में तेज बारिश और भोपाल के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई जिससे थोड़ी राहत जरूर मिली। मौसम विभाग के अनुसार 27 अप्रैल से अगले तीन दिनों तक प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

स्कूलों की छुट्टियां घोषित

बढ़ती गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के लिए कई जिलों में छुट्टियां घोषित कर दी हैं। भोपाल में 8वीं तक के सभी स्कूल 30 अप्रैल तक बंद रहेंगे जबकि इंदौर में आंगनवाड़ी केंद्रों और 8वीं तक के स्कूलों में 27 से 30 अप्रैल तक अवकाश घोषित किया गया है। वहीं 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगी। ग्वालियर और उज्जैन में भी 8वीं तक के बच्चों की छुट्टी कर दी गई है।

ये भी पढ़ें: प्रयागराज में  पिता ने अपने ही बेटे की जूसर के हैंडल से की हत्या, मां-बेटे के रिश्ते पर करता था संदेह

शनिवार को आग उगलता रहा मौसम

इससे पहले शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच गया। खजुराहो के बाद रतलाम में 44.5 डिग्री, दतिया और धार में 44.1 डिग्री, नौगांव और श्योपुर में 44 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा टीकमगढ़ और मंडला में 43.8 डिग्री, दमोह में 43.6 डिग्री और उमरिया में 43.5 डिग्री तापमान रहा।

ये भी पढ़ें: यूट्यूबर निकला हत्याकांड का आरोपी: 31 साल तक छुपा रहा सच, अस्पताल में हुआ खुलासा

बड़े शहरों का हाल

राजधानी भोपाल में तापमान 42.4 डिग्री, इंदौर में 42.2 डिग्री और जबलपुर में 42.6 डिग्री दर्ज किया गया। ग्वालियर और उज्जैन में भी पारा 43 डिग्री तक पहुंच गया। लगातार बढ़ती गर्मी से जनजीवन प्रभावित हो रहा है और लोगों को दोपहर में घरों से निकलने से बचने की सलाह दी जा रही है।

Dr. Sumit  Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts