PlayBreaking News

मिजोरम में भारी बारिश ने बरपाया कहर... पत्थर की खदान ढहने से 17 की मौत, कई मजदूरों से फंसे होने की आशंका

Follow on Google News
मिजोरम में भारी बारिश ने बरपाया कहर... पत्थर की खदान ढहने से 17 की मौत, कई मजदूरों से फंसे होने की आशंका
आइजोल। पश्चिम बंगाल में आए चक्रवाती तूफान 'रेमल' का असर अब मिजोरम में भी दिखने लगा है। तूफान के कारण यहां लगातार बारिश हो रही है। मंगलवार को आइजोल जिले में एक पत्थर की खदान ढह गई। अब तक 17 लोगों की मौत हो गई है। जबकि, कई अन्य लोग लापता है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पत्थर की खदान ढहने से जान गंवाने वाले लोगों में चार वर्ष का एक लड़का और छह साल की लड़की भी शामिल है। घटनास्थल से दो लोगों को जीवित बाहर निकाला है।

कई मजदूर मलबे में फंसे

जानकारी के मुताबिक, घटना आइजोल शहर के दक्षिणी बाहरी इलाके में मेल्थम और ह्लिमेन के बीच के इलाके में सुबह करीब छह बजे हुई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अब तक 12 शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि कई मजदूर अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं। आइजोल उपायुक्त नाजुक कुमार ने मीडिया को बताया कि हम और शवों की तलाश कर रहे हैं। जब तक पूरे घटनास्थल को साफ नहीं कर दिया जाता, तब तक अभियान जारी रहेगा।

भूस्खलन से कई इलाकों का संपर्क टूटा

DGP अनिल शुक्ला ने बताया कि भारी बारिश के कारण घटनास्थल पर बचाव अभियान प्रभावित हो रहा है। बारिश के कारण राज्य में कई स्थानों पर भूस्खलन भी हुआ है और कम से कम दो लोग पानी के तेज बहाव में बह गए। आइजोल के सेलम वेंग में भूस्खलन से एक इमारत ढह जाने के बाद तीन लोग लापता हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। हुनथर में नेशनल हाईवे छह पर भूस्खलन के कारण आइजोल का संपर्क देश के बाकी हिस्सों से टूट गया है। अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा कई अंतर-राज्य राजमार्ग भी भूस्खलन से प्रभावित हुए हैं।

सीएम ने सहायता राशि देने की घोषणा

मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने खदान ढहने सहित बारिश के कारण हुई घटनाओं में मारे गए लोगों के परिवारों को चार लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की। उन्होंने खदान के ढहने की घटना में मारे गए मिजोरम के लोगों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये के चेक सौंपे और कहा कि शेष राशि उन्हें जल्द ही दी जाएगी। सरकार ने चक्रवाती तूफान 'रेमल' के परिणामस्वरूप बारिश से उत्पन्न आपदाओं से निपटने के लिए 15 करोड़ रुपए निर्धारित किए हैं। लालदुहोमा ने सपडांगा के साथ स्थिति का जायजा लेने और बचाव कार्यों की निगरानी करने के लिए बाद में घटनास्थल का दौरा भी किया। बारिश के कारण सभी स्कूल बंद कर दिए गए और आवश्यक सेवाएं प्रदान करने वाले कर्मचारियों को छोड़कर सरकारी कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा गया है।

राष्ट्रपति ने जताया दुख

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मिजोरम के आइजोल के पास पत्थर की खदान ढहने से लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया और बचाव एवं राहत कार्यों की सफलता कामना की। राष्ट्रपति मुर्मू ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया- मिजोरम में आइजोल के पास पत्थर की खदान ढहने से लोगों की मौत के बारे में जानकर दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं बचाव और राहत कार्यों की सफलता के लिए प्रार्थना करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts