Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मानवता हुई तार-तार :एंबुलेंस कर्मचारी ने की हद पार, घायल की पत्नी से धुलवाई 108 एंबुलेंस

मध्य प्रदेश के कटनी में 108 एंबुलेंस से जुड़ा हैरान करने वाला मामला सामने आया है। घायल को अस्पताल पहुंचाने के बाद कर्मचारी पर पैसे मांगने और पत्नी से एंबुलेंस साफ करवाने के आरोप लगे हैं। वायरल वीडियो ने सिस्टम पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर उस दिन क्या हुआ, पढ़िए पूरी रिपोर्ट।
एंबुलेंस कर्मचारी ने की हद पार, घायल की पत्नी से धुलवाई 108 एंबुलेंस

मध्य प्रदेश के कटनी जिले से सामने आई एक घटना ने इंसानियत और स्वास्थ्य व्यवस्था दोनों पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। सड़क हादसे में घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने के बाद जिस संवेदनशीलता की उम्मीद होती है, उसकी जगह यहां अमानवीय व्यवहार देखने को मिला। आरोप है कि 108 एंबुलेंस के कर्मचारी ने न सिर्फ मरीज के परिजनों से पैसे मांगे, बल्कि गाड़ी गंदी होने का हवाला देकर घायल की पत्नी से ही एंबुलेंस साफ करवाई। इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिसके बाद लोगों में गुस्सा साफ दिखाई दे रहा है और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग उठने लगी है।

मदद की जगह किया अपमान

जानकारी के अनुसार कटनी जिले के ग्राम करेला के पास हुए सड़क हादसे में 32 वर्षीय राहुल बर्मन गंभीर रूप से घायल हो गए थे। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें 108 एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज किया, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते उन्हें बेहतर उपचार के लिए जबलपुर रेफर कर दिया गया। इसी बीच, अस्पताल परिसर में जो हुआ, उसने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए। आरोप है कि एंबुलेंस कर्मचारी मोहित ने अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय परिजनों से पैसों की मांग की। इतना ही नहीं, जब गाड़ी गंदी हुई तो उसने घायल की पत्नी को ही उसे साफ करने के लिए मजबूर कर दिया।

वायरल वीडियो ने खोली पोल

घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला और ज्यादा गंभीर हो गया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक महिला एंबुलेंस धो रही है, जबकि कर्मचारी पास में खड़ा है और कोई मदद नहीं कर रहा। यह दृश्य लोगों को झकझोर देने वाला है, क्योंकि जिस सेवा को जीवन बचाने के लिए बनाया गया है, वही यहां लोगों के लिए परेशानी बनती दिख रही है। सोशल मीडिया पर लोग लगातार इस घटना की निंदा कर रहे हैं और पूछ रहे हैं कि क्या अब इलाज के साथ ऐसे अपमानजनक हालात भी झेलने पड़ेंगे।

ये भी पढ़ें: बच्चों को रोकने पर उठे सवाल: कटनी में मानव तस्करी के आरोपों से बड़ा विवाद, जांच की मांग हुई तेज

प्रशासन ने लिया संज्ञान, नोटिस जारी

मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया है। कटनी जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि वीडियो के आधार पर 108 एंबुलेंस के प्रभारी और ड्राइवर को नोटिस जारी किया गया है। उनसे एक सप्ताह के भीतर जवाब मांगा गया है। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

Breaking News

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

Latest Posts