Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मंत्री विजय शाह ने फिर मांगी माफी, VIDEO जारी कर कहा- यह मेरी भाषाई भूल थी, कर्नल सोफिया मामले पर कह दी ये बात

Follow on Google News
मंत्री विजय शाह ने फिर मांगी माफी, VIDEO जारी कर कहा- यह मेरी भाषाई भूल थी, कर्नल सोफिया मामले पर कह दी ये बात
भोपाल। सेना की महिला अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले मध्यप्रदेश के मंत्री कुंवर विजय शाह एक बार फिर चर्चा में हैं। पहले ही सुप्रीम कोर्ट से फटकार और FIR दर्ज होने के बाद मंत्री लापता चल रहे हैं। अब एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने हाथ जोड़कर फिर से माफी मांगी है। विजय शाह ने कहा कि उनकी बातों से किसी भी धर्म, समुदाय या देशवासियों को ठेस पहुंचाना उनका उद्देश्य नहीं था। उन्होंने अपनी गलती को "भाषाई भूल" बताते हुए कर्नल सोफिया कुरैशी, भारतीय सेना और पूरे देश से माफी मांगी है।

क्या बोले मंत्री अपने माफीनामे में?

शुक्रवार को मंत्री विजय शाह ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' पर एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें उन्होंने कहा- "जयहिन्द! पहलगाम में हुए जघन्य आतंकी हमले से मैं अत्यंत दुखी हूं। मेरा राष्ट्र और सेना के प्रति गहरा सम्मान रहा है। अगर मेरे शब्दों से किसी को ठेस पहुंची है, तो यह मेरी भाषाई भूल थी। मैं भारतीय सेना, बहन कर्नल सोफिया कुरैशी और समस्त देशवासियों से हाथ जोड़कर क्षमा मांगता हूं।" उन्होंने यह भी कहा कि उनके कथनों का उद्देश्य किसी भी धर्म या समुदाय को अपमानित करना नहीं था।

FIR, सुप्रीम कोर्ट की फटकार और मंत्री की ‘गायबगीरी’

मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया को लेकर जो बयान दिया था, उसे हाईकोर्ट के आदेश पर आपत्तिजनक करार देते हुए FIR दर्ज की गई। FIR के बाद उन्होंने इसे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने न केवल राहत देने से इनकार किया, बल्कि SIT गठित कर जांच के आदेश भी दे दिए। इस केस में तीन सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) बनाई गई है, जो इस पूरे मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। गौरतलब है कि 15 मई को FIR दर्ज होने के बाद से मंत्री लापता हैं। न ही वह कैबिनेट की बैठकों में शामिल हो रहे हैं और न ही सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर आए हैं।

क्यों हुआ था विवाद?

मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी को एक बयान में "आतंकियों की बहन" कह दिया था। उन्होंने कहा- जिन लोगों ने हमारी बेटियों का सिंदूर उजाड़ा था, मोदी जी ने उन्हीं की बहन भेजकर उनकी ऐसी की तैसी करा दी। यह बयान उन्होंने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद दिया था। इसके बाद यह मामला सोशल मीडिया और सियासत दोनों में तूल पकड़ गया। सेना अधिकारियों, पूर्व सैन्य कर्मियों, विपक्षी दलों और सोशल मीडिया यूजर्स ने विजय शाह की टिप्पणी की तीखी आलोचना की और इसे भारतीय सेना का अपमान बताया।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts