मर्सीडिज कार गिरवी रख कर लिए रुपए , फिर गैरेज से गायब हुई कार: ट्रैवल्स संचालक की शिकायत पर पति-पत्नी पर केस

इंदौर। छह लाख रुपये उधार लेने के बदले मर्सीडिज कार गिरवी रखना और कुछ दिन बाद उसे रिपेयरिंग के बहाने गैरेज भेजकर कथित तौर पर गायब कर देने का मामला सामने आया है। इंदौर के एक टूर एंड ट्रैवल्स संचालक की शिकायत पर भंवरकुआं पुलिस ने व्यवसायी और उसकी पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। अभिनव नगर (तीन इमली) निवासी गोपाल बैरागी ने पुलिस को बताया कि वह टूर एंड ट्रैवल्स का व्यवसाय करते हैं। उनकी पहचान एबी रोड स्थित सनशाइन रेसीडेंसी निवासी व्यवसायी विनायक मित्तल से थी। विनायक ने आर्थिक जरूरत बताते हुए उनसे रुपये उधार मांगे थे।
ये भी पढ़ें: सैफ अली खान हमले में बड़ा मोड़! आरोपी शरीफुल इस्लाम ने कोर्ट में जुर्म कबूलने की जताई इच्छा
पत्नी की मर्सीडिज रखी गिरवी, हुआ था इकरारनामा
शिकायत के अनुसार, विनायक मित्तल ने एक जनवरी को गोपाल बैरागी से छह लाख रुपये लिए। इसके बदले उसने पत्नी प्रियंका मित्तल के नाम से रजिस्टर्ड मर्सीडिज कार गिरवी रखी थी। कार का नंबर एचआर 26 सीआर 8310 बताया गया है। दोनों पक्षों के बीच इस लेन-देन को लेकर इकरारनामा भी किया गया था। इसके बाद कार फरियादी के पास रही।
ये भी पढ़ें: Bilaspur: बिलासपुर में दो पक्षों का विवाद बना हिंसा का मैदान,मारपीट के बाद जमकर पथराव
18 दिन बाद रिपेयरिंग के लिए भेजी और फिर नहीं लौटी
गोपाल के मुताबिक, 18 जनवरी को विनायक ने मर्सीडिज के गियर बॉक्स में खराबी होने की बात कही और कार को मरम्मत के लिए तेजाजी नगर क्षेत्र के एक गैरेज भेज दिया। आरोप है कि बाद में विनायक कार को बिना बताए गैरेज से ले गया। जब गोपाल ने कार के बारे में पूछा तो उसने बताया कि वाहन को रिपेयरिंग के लिए औरंगाबाद भेजा गया है। इसके बाद वह लगातार अलग-अलग कारण बताता रहा, लेकिन कार वापस नहीं की गई।
ये भी पढ़ें: 4.72 करोड़ के विदेशी सोना तस्करी में इंदौर के सराफा व्यापारी पिता-पुत्र गिरफ्तार: कोटा में छिपे थे, मोबाइल भी फेंके
दूसरी कार बेचने और रुपये रखने का भी आरोप
फरियादी ने पुलिस को यह भी बताया कि विनायक मित्तल ने उसकी एक अन्य कार का ढाई लाख रुपये में सौदा किया था। आरोप है कि कार बेचने के बाद भी उसकी राशि गोपाल को नहीं दी गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि अलग-अलग लेन-देन में आरोपी ने उससे आठ लाख रुपये भी लिए। जब गोपाल ने अपने रुपये और वाहनों के बारे में पूछना शुरू किया तो कथित तौर पर उसे धमकियां मिलने लगीं।
ये भी पढ़ें: ट्रंप का बड़ा तेल ऐलान! वेनेजुएला के 65 अरब बैरल तेल पर अमेरिका का कंट्रोल, गैस सस्ती होने का दावा
रुपये मांगे तो धमकाने का आरोप
गोपाल बैरागी का आरोप है कि विनायक ने अपने पुलिस अधिकारियों से संबंध होने की बात कहकर दबाव बनाने की कोशिश की। वहीं, प्रियंका पर महिला संबंधी अपराध के मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
ये भी पढ़ें: फरार CSP नेहा पच्चीसिया पर 10 हजार का इनाम, पुलिस ने तेज की तलाश
जनसुनवाई तक पहुंचा मामला, फिर दर्ज हुई एफआईआर
रुपये और वाहन वापस नहीं मिलने पर गोपाल बैरागी ने पुलिस अधिकारियों की जनसुनवाई में शिकायत की। मामले की जांच के बाद पुलिस ने गुरुवार रात विनायक मित्तल और प्रियंका मित्तल के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया।




















