Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मंदसौर में एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से टकराई कार, 3 श्रद्धालुओं की मौत

मंदसौर के गरोठ में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से कार टकराने पर 3 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। बारिश और अंधेरे के चलते हादसा हुआ।
मंदसौर में एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से टकराई कार, 3 श्रद्धालुओं की मौत
मंदसौर में एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से टकराई कार

मंदसौर। जिले के गरोठ थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। कार सवार श्रद्धालु हरियाणा से सांवरिया सेठ और खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए निकले थे। इसी दौरान उनकी कार एक्सप्रेसवे पर खड़े एक ट्रक के पीछे जा घुसी। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल एक यात्री को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गुड़गांव और राजस्थान के रहने वाले थे मृतक

हादसे की सूचना मिलते ही गरोठ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार सवारों की पहचान की। मृतकों में अरविंद अहीर (39), निवासी सिकंदरपुर, गुड़गांव, हरियाणा; बिन्दर अहीर (33), निवासी नाथूपुर, गुड़गांव और कैलाश चंद्र गुर्जर (34), निवासी पहेल, थाना बहरोड़, अलवर, राजस्थान शामिल हैं। हादसे में जितेंद्र अहीर (40), निवासी गुड़गांव, हरियाणा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तेज बारिश और अंधेरे के बीच हुआ हादसा

घायल ने अस्पताल में बताया कि हादसे के समय तेज बारिश हो रही थी और तड़के होने के कारण एक्सप्रेसवे पर काफी अंधेरा था। उनके मुताबिक सड़क पर एक ट्रक खड़ा था लेकिन उसमें इंडिकेटर या लाइट नहीं जल रही थी। बारिश और कम दृश्यता के बीच खड़ा ट्रक समय पर दिखाई नहीं दिया और कार सीधे उसके पिछले हिस्से से जा टकराई। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

ये भी पढ़ें: भोपाल के बड़े तालाब पर किसका कब्जा? रिपोर्ट आज NGT में होगी पेश, 5 दिन तक चला सर्वे, रेस्टोरेंट और सड़कें मिलीं

दर्शन के लिए निकले थे श्रद्धालु

बताया गया है कि कार सवार श्रद्धालु हरियाणा से धार्मिक यात्रा पर निकले थे। उनका कार्यक्रम सांवरिया सेठ और खाटू श्याम जी के दर्शन करने का था। इसी यात्रा के दौरान गरोठ थाना क्षेत्र में यह हादसा हो गया। एक ही वाहन में सवार यात्रियों के साथ हुए हादसे की खबर मिलने के बाद उनके परिवारों में मातम छा गया।

ये भी पढ़ें: मोबाइल की किस्त को लेकर युवक को 5 दिन बंधक बनाया, ब्लड बैंक ले जाकर जबरन खून निकलवाने का आरोप

पुलिस ने शुरू की जांच

गरोठ थाना पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि एक्सप्रेसवे पर ट्रक किस स्थिति में खड़ा था और उस समय उसकी लाइट या इंडिकेटर चालू थे या नहीं। तीनों मृतकों के शव सिविल अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखे गए हैं। परिजनों के गरोठ पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी और शव परिवार वालों को सौंपे जाएंगे।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts