महाराष्ट्र :दोस्तों संग मस्ती पड़ी भारी, स्विमिंग पूल में हेड डाइव लगाते ही गई 25 वर्षीय युवक की जान, देखें वीडियो

महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले में छुट्टियां मनाने आए 25 वर्षीय पर्यटक की स्विमिंग पूल में डाइव लगाने के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान कोल्हापुर निवासी श्रेणिक मिलंद टाकले के रूप में हुई है। वह अपने नौ दोस्तों के साथ मालवन के वायरी इलाके स्थित एक रिजॉर्ट में ठहरे थे। यह हादसा 20 जून को हुआ, जबकि अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कैसे हुआ हादसा?
हादसे से कुछ देर पहले रिकॉर्ड हुए वीडियो में श्रेणिक अपने दोस्तों के साथ स्विमिंग पूल के पास डांस करते दिखाई देते हैं। कुछ ही सेकंड बाद वह करीब आठ से दस फीट ऊंचे प्लेटफॉर्म पर चढ़ते हैं और बच्चों के लिए बने कम गहरे हिस्से में सिर के बल डाइव लगा देते हैं। जिस जगह उन्होंने छलांग लगाई, वहां पानी की गहराई करीब चार फीट थी। तेज रफ्तार में लगाई गई डाइव के कारण उनका सिर सीधे पूल की तली से टकरा गया।
सिर में गंभीर चोट, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
सिर में गंभीर चोट लगने के बाद श्रेणिक पूल में ही अचेत हो गए। उनके दोस्तों ने तुरंत उन्हें बाहर निकालकर मालवन ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, सिर में लगी गंभीर चोट के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
पुलिस ने दर्ज की आकस्मिक मौत की रिपोर्ट
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज की। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले की जांच पुलिस सब-इंस्पेक्टर गणेश माने की निगरानी में की जा रही है।
सुरक्षा मानकों की भी जांच करेगी पुलिस
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि रिजॉर्ट में स्विमिंग पूल के पास सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। वहीं, इस हादसे का वीडियो सामने आने के बाद विशेषज्ञ लोगों से अपील कर रहे हैं कि कम गहरे पानी में कभी भी सिर के बल डाइव न लगाएं, क्योंकि इससे गर्दन और सिर में जानलेवा चोट लग सकती है।











