गणेश विसर्जन को लेकर प्रशासन ने पूरी की तैयारियां, नर्मदा घाटों पर पुलिस बल तैनात

सोहागपुर। एसडीएम डॉ. बबीता राठौर, तहसीलदार शक्ति तोमर और एसडीओपी अरविंद शाह ने विकासखंड के प्रमुख नर्मदा घाटों का निरीक्षण किया। रेवाबनखेड़ी, माछा और पामली घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर परिषद ने रामगंज रपटे और मंडी के पास कृत्रिम कुंड तैयार कराए हैं, जहां श्रद्धालुओं से प्रतिमा विसर्जन करने की अपील की गई है।
नर्मदा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश
एसडीएम डॉ. बबीता राठौर ने रेवाबनखेड़ी, माछा और पामली स्थित नर्मदा घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के साथ सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए हैं। उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि प्रयास करें कि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन अंधेरा होने से पहले ही कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव हर्ष और उल्लास का पर्व है, इसलिए विसर्जन के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
ये भी पढ़ें: जिला पंचायत राजगढ़ की साधारण सभा में विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश
बच्चों को नदी में न ले जाने की अपील
एसडीएम ने गणेश उत्सव समितियों के प्रमुखों से भी अपील की है कि विसर्जन के दौरान बच्चों को नदी में न ले जाएं और श्रद्धालु निर्धारित सुरक्षा व्यवस्थाओं का पालन करें। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सुरक्षित तरीके से विसर्जन करने और घाटों पर मौजूद सुरक्षा व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्धारित स्थानों पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाए।
नर्मदा घाटों पर पुलिस बल रहेगा तैनात
थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी ने बताया कि नर्मदा घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा ग्राम पंचायत के कर्मचारी और ग्राम कोटवार भी व्यवस्थाओं में सहयोग के लिए मौजूद रहेंगे। नगर में पलकमती नदी के पास नगर परिषद द्वारा बनाए गए कृत्रिम कुंड पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
रामगंज रपटे और मंडी के पास कृत्रिम कुंड
नगर परिषद के सीएमओ धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि परंपरा के अनुसार पलकमती नदी के रामगंज रपटे के पास कृत्रिम कुंड तैयार कराया गया है। श्रद्धालु यहां गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त मंडी के पास भी एक अस्थाई कृत्रिम कुंड की व्यवस्था नगर परिषद द्वारा की गई है, जहां संबंधित क्षेत्र के श्रद्धालु प्रतिमाओं का विसर्जन कर सकेंगे।
ये भी पढ़ें: सतना में खदान के गहरे पानी में डूबे 13 वर्षीय किशोर का शव 34 घंटे बाद मिला, ग्रामीणों का प्रदर्शन
निर्माल्य के लिए अलग व्यवस्था की मांग
नर्मदा भक्तों ने प्रशासन से नर्मदा घाटों पर निर्माल्य के लिए अलग से व्यवस्था करने की अपील की है। उनका कहना है कि मूर्तियों के साथ आने वाली पूजा सामग्री, फूल-मालाएं और अन्य निर्माल्य को सीधे नदी में प्रवाहित करने से रोकने के लिए घाटों पर अलग व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि कृत्रिम कुंडों एवं विसर्जन स्थलों के पास निर्माल्य एकत्र करने के लिए अलग बॉक्स रखे जाएं, जिससे एकत्रित सामग्री का बाद में जैविक खाद बनाने में उपयोग किया जा सके और मां नर्मदा सहित अन्य जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाया जा सके।




















