नदियों को प्रदूषण से बचाने का संकल्प :हनुमान फाटक धाम पर पूजन सामग्री विसर्जन पात्र समर्पित, समाज ने बढ़ाया सहयोग

सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में आस्था और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संगम देखने को मिला। यहां श्री हनुमान फाटक धाम परिसर में सीवन पुत्र टीम द्वारा पूजन सामग्री विसर्जन पात्र का विधिवत लोकार्पण किया गया। श्रद्धालुओं द्वारा पूजन सामग्री नदियों में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित पात्र में डालने की इस पहल का उद्देश्य सीवन सहित अन्य नदियों को प्रदूषण से बचाना है। कार्यक्रम में समाजसेवी एवं सिद्धेश्वर समिति के निर्वाचित अध्यक्ष विपुल चांडक ने इस अभियान को जनभागीदारी से जुड़ा नदी संरक्षण का क्रांतिकारी प्रयास बताया।
नन्ही बालिका ने किया शुभारंभ
स्वर्गीय दीवान चंद महाजन, पूर्व विधायक की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विपुल चांडक के साथ एक नन्ही बालिका ने फीता काटकर पूजन सामग्री विसर्जन पात्र का शुभारंभ किया। यह सीवन पुत्र टीम द्वारा स्थापित दूसरा विसर्जन पात्र है, जिससे श्रद्धालुओं को पूजन सामग्री के वैज्ञानिक एवं पर्यावरण हितैषी निस्तारण का विकल्प उपलब्ध होगा। मुख्य अतिथि विपुल चांडक ने कहा कि सीवन पुत्र टीम ने नदियों के संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने का कार्य किया है। लगातार कई महीनों से स्वयंसेवकों की मेहनत और समर्पण प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि ऐसे पूजन सामग्री विसर्जन पात्र नदियों को प्रदूषित होने से बचाने के साथ उन्हें नया जीवन देने का कार्य करेंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे पूजन सामग्री कभी भी नदियों में न डालें, बल्कि ऐसे निर्धारित पात्रों का ही उपयोग करें।
यह भी देखें: निगम कर्मचारी बना 'रियल हीरो' चलती सीपीआर देते हुए पहुंचाया अस्पतल
देशभर से आई छात्राओं ने सराहा अभियान
इस अवसर पर महाराष्ट्र, गुजरात और दिल्ली से नदी संरक्षण के प्रति समर्पित छात्राएं भी कार्यक्रम में शामिल हुईं। उन्होंने सीवन पुत्र टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यदि हर शहर में इस प्रकार की पहल हो, तो देश की नदियों को प्रदूषण से काफी हद तक बचाया जा सकता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से पूजन सामग्री विसर्जन पात्र का उपयोग करने का आग्रह भी किया। कार्यक्रम के दौरान हनुमान फाटक धाम पर निरंतर सेवा देने वाले सीवन प्रहरी हेमंत नाथ का सीवन पुत्र टीम द्वारा सम्मान किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके सेवाभाव की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
पर्यावरण संरक्षण का बढ़ता जनआंदोलन
कार्यक्रम में सीवन पुत्र कैलाश नारायण चावड़ा, हीरालाल शर्मा, राजकुमार सोनी, हिमांशु नाथ, मुकेश राय, कैलाश चव्हाण, कनीराम मालवीय, प्रदीप चावड़ा, राधेश्याम मकवाना, संतोष मेवाड़ा, योगेंद्र राय, अशोक खत्री, सुरेश भगत, श्याम सिंह, दीपक केवट, भगवती शर्मा, सुधीर सोनी, वैभव राठौर, प्रकाश यादव, जगदीश वर्मा, विनय सिंह, उमेश चावड़ा सहित बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
यह भी देखें: खिलचीपुर में सोंधिया राजपूत समाज ने किया पौधरोपण: प्रदेशभर में 1 लाख 11 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य
सीवन बचाओ अभियान बना जनभागीदारी का प्रतीक
पर्यावरण प्रेमी प्रदीप छाबड़ा के नेतृत्व में लंबे समय से चल रहा 'सीवन बचाओ अभियान' अब जनभागीदारी का मजबूत उदाहरण बन चुका है। शहर की जीवनदायिनी सीवन नदी को पुनर्जीवित करने के लिए लगातार श्रमदान, जनजागरूकता और संरक्षण के विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। पूजन सामग्री विसर्जन पात्र की यह पहल भी उसी श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जो यह संदेश देती है कि यदि समाज संकल्प ले, तो आस्था और प्रकृति, दोनों का सम्मान एक साथ किया जा सकता है।












