मिल गए MP के मिनिस्टर गोविंद सिंह राजपूत की नींद उड़ाने वाले मान सिंह, लेकिन डुप्लिकेट हैं या असली, पिक्चर अभी बाकी है...
वर्ष, 2016 से सागर जिले के पिछड़े वर्ग के नेता मान सिंह लापता रहे हैं, उनका गोविंद सिंह राजपूत से जमीन संबंधी विवाद चल रहा है

भोपाल। 2016 से लापता चल रहे सागर जिले के पिछड़ा वर्ग के नेता मान सिंह पटेल को कथित तौर पर भोपाल में खोज निकाला गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने भोपाल से मान सिंह जैसे दिखने वाले व्यक्ति को पकड़कर सागर पुलिस को सौंप दिया है।
मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत पर ओबीसी नेता मान सिंह पटेल की जमीन हड़पने और उनको अगवा कराने के आरोप हैं। मान सिंह पटेल की खोजबीन को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने एक नई एसआईटी(विशेष जांच दल) के गठन का आदेश दिया था। इसके बाद से पुलिस महकमा पूरी तरह से सक्रिय हो गया है।
अब डीएनए जांच से मान सिंह की पहचान की होगी पुष्टि
मान सिंह पटेल जैसे हुलिये के शख्स को पुलिस ने छोला शमशान घाट से पकड़ा है। वह बरामदगी के दौरान विक्षिप्त की हालत में थे। भोपाल पुलिस कमिश्नर हरि नारायणचारी मिश्र ने बताया कि छोला श्मशान घाट के पास मान सिंह पटेल से मिलते-जुलते हुलिए के व्यक्ति की सूचना के बाद उन्हें कब्जे में लिया गया। इसके बाद उन्हें सागर पुलिस को सौंपा गया। हालांकि परिजनों ने उन्हें पहचानने से इनकार किया है। अब डीएनए टेस्ट से ही पता लगाया जा सकेगा कि यह मान सिंह हैं या नहीं।












