जबलपुर में बेकाबू कार होटल में घुसी, वकील की मौत; 3 लोग घायल

जबलपुर मेडिकल कॉलेज के पास शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे तेज रफ्तार कार सड़क किनारे स्थित एक भोजनालय में जा घुसी। हादसे में कार सवार अधिवक्ता शिवम शर्मा की मौत हो गई, जबकि कार चला रहे शरद कुमार दुबे गंभीर रूप से घायल हुए हैं। भोजनालय में सो रहे तीन लोग भी हादसे की चपेट में आ गए। सभी घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
मेडिकल कॉलेज के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, अधिवक्ता शिवम शर्मा कार क्रमांक MP 20 CK 0199 से जसूजा सिटी में अपने दोस्त शरद कुमार दुबे से मिलने जा रहे थे। मेडिकल कॉलेज के मॉर्च्यूरी गेट के पास पहुंचते ही कार अचानक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे बने भोजनालय में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि भोजनालय में सो रहे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कार की चपेट में आने से तीन लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया आंखों देखा हाल
प्रत्यक्षदर्शी लकी कुशवाहा ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ सुबह करीब 4 बजे होटल खोलने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार सीधे होटल में घुस गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों के सिर, हाथ-पैर और शरीर के दूसरे हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। कुछ लोगों के सिर में गहरी चोट लगी है।
कार में मिली शराब की बोतल
हादसे के बाद कार के अंदर शराब की एक बोतल भी मिली। हालांकि, कार में सवार लोगों ने शराब पी थी या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी।
पुलिस ने कार जब्त की
सूचना मिलते ही धनवंतरी नगर पुलिस चौकी का स्टाफ मौके पर पहुंचा। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया और कार को जब्त कर लिया। पुलिस ने अधिवक्ता शिवम शर्मा के शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। हादसे की जांच में कार की रफ्तार, चालक की स्थिति और वाहन के अनियंत्रित होने की वजह समेत अन्य पहलुओं को शामिल किया गया है।

















