इटारसी में नाबालिगों का खूनी खेल :विधायक प्रतिनिधि के भतीजे समेत 4 पर चाकू से हमला, 15-16 साल के आरोपियों ने किया हमला

इटारसी के पुरानी इटारसी क्षेत्र में पांच नाबालिगों ने चार युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में विधायक प्रतिनिधि दिनेश मेहतो के भतीजे समेत चार लोग घायल हुए, जिनमें एक की हालत गंभीर है। पुलिस ने दो नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि तीन की तलाश जारी है।
Follow on Google News

इटारसी। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के इटारसी में शनिवार रात चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई। पुरानी इटारसी क्षेत्र में 15 से 16 साल के पांच नाबालिगों ने चार युवकों पर चाकुओं से हमला कर दिया। इस हमले में सिवनी मालवा के विधायक प्रतिनिधि दिनेश मेहतो के भतीजे समेत चार युवक घायल हो गए। एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे भोपाल रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, वारदात शनिवार रात करीब 10 से 11 बजे के बीच पुरानी इटारसी इलाके में हुई। आरोप है कि पांच नाबालिगों ने चार युवकों को घेरकर उन पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

विधायक प्रतिनिधि के भतीजे की हालत गंभीर

हमले में घायल सुधांशु मेहतो के पैर, पेट और कमर पर कई गहरे घाव आए हैं। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल के बंसल अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इसके अलावा भूपेश रैकवार के जांघ पर, आकाश के जांघ और कमर पर चाकू से वार किए गए। अन्य घायलों में दुर्गेश कहार और पुरानी इटारसी का एक 16 वर्षीय नाबालिग भी शामिल है।

Breaking News

दो नाबालिग हिरासत में, तीन फरार

इटारसी थाना प्रभारी सौरभ पांडे के अनुसार, हमले में शामिल सभी आरोपी 15 से 16 वर्ष की उम्र के हैं और पुरानी इटारसी के रहने वाले हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है।

हमले की वजह की जांच जारी

पुलिस का कहना है कि चाकूबाजी की वजह की जांच की जा रही है। फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें रवाना की गई हैं और जल्द ही उन्हें हिरासत में लिया जाएगा।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि कम उम्र के किशोरों के हाथों में घातक हथियार पहुंचना और रात में इस तरह की वारदात होना कानून व्यवस्था और पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

(Edited By - Shivani Gupta)

Tajul Khan
By Tajul Khan

Latest Posts