इंदौर में बारिश के बीच कार पर गिरा पेड़, डिप्टी कलेक्टर की मां की मौत

इंदौर में सोमवार शाम बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सेंट्रल जेल के सामने सड़क से गुजर रही एक कार पर अचानक भारी-भरकम पेड़ गिर गया। हादसे में कार में सवार 75 वर्षीय राधा देवी सिंघी की मौत हो गई। वह डिप्टी कलेक्टर पूर्णिमा सिंघी की मां थीं। हादसे में उनकी बेटी और दामाद घायल हुए हैं। कार चालक के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।
दो कारों के बीच चल रही थी कार
जानकारी के मुताबिक, राधा देवी सिंघी अपनी बेटी और दामाद के साथ कार से सेंट्रल जेल के सामने से गुजर रही थीं। उस समय दो कारें आगे-पीछे चल रही थीं। इसी दौरान अचानक सड़क किनारे लगा भारी पेड़ कार के ऊपर जा गिरा। पेड़ गिरते ही कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग फंस गए।
हादसे में महिला की मौत
पेड़ गिरने से कार में बैठीं राधा देवी सिंघी को गंभीर चोटें आईं। हादसा इतना भीषण था कि उनकी गर्दन और सिर में गंभीर चोट लगी। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और राहत-बचाव शुरू किया। घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया।
घटना के वक्त बैठक में थीं डिप्टी कलेक्टर
पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय डिप्टी कलेक्टर पूर्णिमा सिंघी नर्मदा घाटी विभाग की बैठक में मौजूद थीं। घटना की जानकारी मिलते ही कमिश्नर भास्कर लक्ष्यकार ने तत्काल बैठक निरस्त कर दी और अधिकारियों को मौके पर भेजा।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
एसीपी विनोद दीक्षित के मुताबिक, पुलिस ने राधा देवी सिंघी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की।
इंदौर में अब तक 22 इंच बारिश
इंदौर में इस मानसून सीजन में अब तक करीब 22 इंच बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, पिछले वर्षों की तुलना में इस बार अब तक बारिश कम हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल कोई प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। स्थानीय मौसम प्रणाली बनने पर कुछ समय के लिए बारिश हो सकती है। इसके साथ ही दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है।



















