‘इसे खाते ही दूर होगी परेशानी...’ पति की शराब छुड़ाने का दिया झांसा; नशीला लड्डू खिलाकर तांत्रिक ने किया दुष्कर्म

ग्वालियर: पति की शराब की लत छुड़ाने के लिए तांत्रिक से मदद लेना एक महिला को भारी पड़ गया। ग्वालियर में एक तांत्रिक पर महिला को प्रसाद के नाम पर नशीला लड्डू खिलाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी महिला को बदनाम करने और उसके पति को जान से मारने की धमकी देता रहा। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मंदिर में हुई थी आरोपी से मुलाकात
पुलिस के मुताबिक, महिला करीब एक साल पहले पति की शराब छुड़ाने के लिए तलवार वाले हनुमान मंदिर गई थी। वहां उसकी मुलाकात कमल राठौर उर्फ पटेल से हुई। महिला ने पति की शराब छुड़ाने के लिए उससे कई बार भभूत ली। इसी दौरान दोनों की पहचान बढ़ गई और आरोपी का महिला के घर भी आना-जाना शुरू हो गया।
प्रसाद बताकर खिलाया नशीला लड्डू
महिला के अनुसार, अक्टूबर 2025 में दोपहर करीब 3 से 4 बजे आरोपी उसके घर पहुंचा। वह अपने साथ लड्डू लेकर आया था। उसने इसे प्रसाद बताते हुए महिला को खाने के लिए दिया और कहा कि इससे उसकी परेशानियां दूर हो जाएंगी। पुलिस के मुताबिक, लड्डू खाने के बाद महिला बेसुध हो गई। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
ये भी पढ़ें: सागर में जहरीली शराब कांड के बाद रायसेन में एक्शन! 3 ठिकानों पर छापा, 29 लीटर शराब जब्त
धमकी देकर करता रहा शोषण
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी ने महिला को धमकाया कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो वह उसे बदनाम कर देगा और उसके पति को जान से मार देगा। धमकी के चलते महिला ने घटना के बारे में किसी को नहीं बताया। इसके बाद भी आरोपी उसके साथ लगातार दुष्कर्म करता रहा। महिला के मुताबिक, आरोपी ने आखिरी बार 8 अगस्त 2026 को दोपहर में उसके साथ दुष्कर्म किया।
ये भी पढ़ें: मेरठ: स्कूल में 13 साल के छात्र की हार्ट अटैक से मौत! छुट्टी के बाद तलाश में जुटा था ई-रिक्शा चालक
सहेलियों और पति को बताई पूरी बात
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की धमकियों और बदनामी के डर से महिला लंबे समय तक चुप रही। 6 सितंबर को उसने हिम्मत जुटाकर अपनी सहेलियों और पति को पूरी घटना बताई। इसके बाद वह उनके साथ थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी कमल राठौर उर्फ पटेल के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।



















