‘सांप काटेगा, बेटा मर जाएगा’... बाबा की धमकी से घबराई महिला, गंवा बैठी 31 हजार

इंदौर। खजराना इलाके में साइबर ठगी का ऐसा मामला सामने आया है, जिसने ठगी के नए हथकंडे को उजागर कर दिया। शातिर ठग ने खुद को दरगाह का बाबा बताया और एक परिवार की कमजोरी तलाशने के बाद छोटे बेटे की जिंदगी को निशाना बना लिया। फोन पर पहले परिवार में कितने बेटे हैं, यह पूछा और जैसे ही तीन बेटों की जानकारी मिली, ठग ने अपना असली खेल शुरू कर दिया।
ये भी पढ़ें: बच्चों की चीख सुन दौड़ी महिला पुलिसकर्मी, झाड़ियों में अचेत मिला 6 साल का मासूम; करंट से बचाया
उसने महिला से कहा- "तुम्हारे छोटे बेटे को सांप काटने वाला है... उसकी जान खतरे में है।" बेटे की मौत का डर ऐसा बैठाया कि महिला उसकी बातों में फंसती चली गई। ठग ने दावा किया कि दरगाह में विशेष इंतजाम कर वह बेटे को इस अनहोनी से बचा सकता है। इसके लिए पैसे जमा करने होंगे और बाद में रकम वापस भी मिल जाएगी। डर के इस जाल में फंसी महिला ने आरोपी के भेजे QR कोड पर अलग-अलग किस्तों में 31 हजार रुपए से ज्यादा ट्रांसफर कर दिए। लेकिन ठग की भूख यहीं खत्म नहीं हुई। रकम मिलने के बाद उसने फिर पैसे मांगने शुरू कर दिए और धमकाने लगा कि रकम नहीं दी तो बेटे को सांप काट लेगा।
ये भी पढ़ें: इंदौर के वार्ड 58-60 का उपचुनाव स्थगित:चुनावी मैदान तैयार था,वोटर लिस्ट ने बिगाड़ा खेल!
पहले जानकारी जुटाई, फिर डर का बटन दबाया
टीआई मनोज सेंधव के मुताबिक, पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 17 अगस्त को उसकी सास के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले ने खुद को दरगाह का बाबा बताया। बातचीत के दौरान उसने सीधे पैसे नहीं मांगे, बल्कि पहले परिवार की जानकारी जुटाई। उसने पूछा- "कितने लड़के हैं?" सास ने तीन बेटों के बारे में बताया। बस, यहीं से ठग ने परिवार के डर को अपना हथियार बना लिया। उसने छोटे बेटे को लेकर ऐसी भविष्यवाणी की कि परिवार घबरा गया। आरोपी ने कहा कि बेटे को सांप काटने वाला है और उसकी जान जा सकती है।
ये भी पढ़ें: रिटायर्ड RBI अफसर से 16 बार में 59 हजार की ठगी-फेसबुक पर मिला ‘नोट बदलो, लाखों कमाओ’ ऑफर
'बेटे को बचाना है तो पैसे दो'-फिर शुरू हुई वसूली
ठग ने डराने के बाद खुद को मददगार के रूप में पेश किया। उसने कहा कि वह दरगाह में बेटे के लिए विशेष इंतजाम करेगा और संकट टल जाएगा। इसके लिए पैसे जमा करने होंगे। भरोसा बढ़ाने के लिए उसने यह भी कहा कि प्रक्रिया पूरी होने के बाद रकम वापस कर दी जाएगी। इसके बाद आरोपी ने महिला के मोबाइल पर QR कोड भेज दिया। उसने दावा किया कि बेटे की उम्र जितनी है, उसका दस गुना पैसा जमा करना होगा। महिला ने बेटे की जान बचाने के डर में आरोपी के बताए QR कोड पर एक बार नहीं, बल्कि कई किस्तों में 31 हजार रुपए से अधिक भेज दिए।
ये भी पढ़ें: सत्य निकेतन हादसे के बाद दहशत में छात्र! PG छोड़ कॉलेज पहुंचे 72 विद्यार्थी, अब सिस्टम पर सवाल...
रकम मिली तो बाबा की 'भविष्यवाणी' बनी वसूली का हथियार
पैसे खाते में पहुंचते ही आरोपी का लालच बढ़ गया। उसने महिला से और रकम मांगनी शुरू कर दी। हर बार वही डर- पैसे नहीं दिए तो बेटे को सांप काट लेगा। महिला ने जब कहा कि उसके पास अब पैसे नहीं हैं, तब भी आरोपी पीछे नहीं हटा। वह लगातार रकम मांगता रहा। बेटे की जान को लेकर बार-बार धमकाए जाने से महिला को आखिरकार शक हुआ कि मामला किसी धार्मिक अनुष्ठान का नहीं, बल्कि साइबर ठगी का है।
ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को मिला नया मुख्य न्यायाधीश,कृष्ण राम महापात्र ने ली शपथ
पैसे वापस मांगे तो कट कर दिया फोन
शक गहराने पर महिला ने आरोपी से कहा कि उसके दिए हुए पैसे वापस करे। इतना सुनते ही आरोपी ने फोन काट दिया। इसके बाद महिला समझ गई कि वह ठगी का शिकार हो चुकी है। परिवार के साथ खजराना थाने पहुंचकर उसने पुलिस को पूरी घटना बताई। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल नंबर, QR कोड और जिन खातों में रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी जानकारी खंगाल रही है।


















