🌤️
--Bhopal, India

PU Special :मध्यप्रदेश में ड्रग्स की नो एंट्री की तैयारी, 5 राज्यों की पुलिस मिलकर तोड़ेगी नशे का नेटवर्क

मध्यप्रदेश में ड्रग्स तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए 5 राज्यों की पुलिस संयुक्त अभियान चलाएगी। गांजा, MD ड्रग्स, अफीम और डोडाचूरा के नेटवर्क पर रियल टाइम इंटेलिजेंस से कार्रवाई होगी।
Follow on Google News
मध्यप्रदेश में ड्रग्स की नो एंट्री की तैयारी, 5 राज्यों की पुलिस मिलकर तोड़ेगी नशे का नेटवर्क
AI Generated Image

विजय एस. गौर, भोपाल। मध्यप्रदेश सहित उत्तरी भारत में मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए अब अंतरराज्यीय स्तर पर बड़ा एक्शन प्लान तैयार किया गया है। गांजा, एमडी ड्रग्स, अफीम और डोडाचूरा की तस्करी रोकने के लिए मध्यप्रदेश के साथ राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा की पुलिस संयुक्त अभियान चलाएगी। इसके साथ ही केंद्र शासित प्रदेश दमन एवं दीव तथा दादरा एवं नगर हवेली को भी समन्वय व्यवस्था में शामिल किया गया है। नशे के नेटवर्क पर कार्रवाई के लिए ओडिशा में भी पुलिस का एक नोडल अधिकारी तैनात किया जाएगा ताकि वहां से मध्यप्रदेश और अन्य राज्यों में होने वाली गांजे की तस्करी पर स्रोत स्तर से ही कार्रवाई की जा सके।

पुलिस समन्वय समिति की बैठक में बनी रणनीति

यह रणनीति मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा की अध्यक्षता में हुई 13वीं पश्चिम क्षेत्रीय पुलिस समन्वय समिति की बैठक में तैयार की गई। बैठक में अवैध मादक पदार्थों के साथ-साथ नार्को केमिकल नेटवर्क के खिलाफ राज्यों के बीच समन्वित कार्रवाई पर चर्चा की गई। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती क्रॉस बॉर्डर स्मगलिंग की है। एक राज्य से दूसरे राज्य में मादक पदार्थों की आवाजाही होने के कारण स्थानीय स्तर पर कार्रवाई के साथ-साथ राज्यों के बीच लगातार सूचना साझा करना जरूरी माना गया है।

किस राज्य से कौन सा ड्रग्स आ रहा?

बैठक में नशे की तस्करी के नेटवर्क को लेकर यह जानकारी सामने आई कि मध्यप्रदेश सहित उत्तरी भारत में गांजे की तस्करी मुख्य रूप से ओडिशा से होती है। वहीं एमडी ड्रग्स राजस्थान से आने की बात सामने आई है। दूसरी ओर मध्यप्रदेश से अफीम और डोडाचूरा की तस्करी राजस्थान सहित दूसरे राज्यों तक किए जाने का नेटवर्क सामने आया है। इसी नेटवर्क को तोड़ने के लिए अब संबंधित राज्यों की पुलिस आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करेगी।

हर राज्य में होगा नोडल अधिकारी

ड्रग्स के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक संबंधित राज्य में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। ये अधिकारी राज्यों के बीच सूचनाओं और कार्रवाई से जुड़े मामलों में सीधा समन्वय रखेंगे। इसके अलावा नोडल अधिकारियों की क्वार्टरली बैठक होगी। इनमें यह तय किया जाएगा कि किस क्षेत्र में कार्रवाई की जरूरत है और किसी अभियान के दौरान दूसरे राज्य से किस तरह की सहायता ली जानी है।

रियल टाइम इंटेलिजेंस होगी साझा

नशे के नेटवर्क पर कार्रवाई के लिए राज्यों के बीच रियल टाइम इंटेलिजेंस साझा करने पर भी जोर दिया गया है। इसका मकसद किसी तस्कर, गिरोह या मादक पदार्थ की खेप की जानकारी मिलने के बाद संबंधित राज्य की पुलिस को तत्काल सूचना उपलब्ध कराना है। इस व्यवस्था से एक राज्य में सामने आई जानकारी के आधार पर दूसरे राज्य में भी तेजी से कार्रवाई की जा सकेगी।

नार्को केमिकल नेटवर्क पर भी कार्रवाई

रणनीति सिर्फ गांजा, एमडी, अफीम और डोडाचूरा तक सीमित नहीं रहेगी। नार्को केमिकल के अवैध निर्माण, परिवहन और उपयोग के खिलाफ भी राज्यों की पुलिस संयुक्त कार्रवाई करेगी। इसके लिए सभी राज्य मिलकर एक साझा कार्ययोजना तैयार करेंगे और उसके आधार पर विशेष अभियान चलाए जाएंगे।

वांछित और इनामी अपराधियों का डाटाबेस होगा साझा

बैठक में विभिन्न राज्यों में वांछित और इनामी अपराधियों का डाटाबेस साझा करने का भी फैसला किया गया है। इससे ऐसे अपराधियों की पहचान और उनके दूसरे राज्यों में छिपे होने की स्थिति में कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।

ADG नारकोटिक्स ने बताया एक्शन प्लान

एडीजी नारकोटिक्स डी. श्रीनिवास वर्मा के मुताबिक, पश्चिमी क्षेत्र के पांच राज्यों के बीच रियल टाइम सूचना का आदान-प्रदान किया जाएगा। प्रत्येक राज्य में एक नोडल अधिकारी तैनात होगा और ये अधिकारी नियमित समन्वय बैठकें करेंगे। उनके अनुसार इन बैठकों में यह तय किया जाएगा कि कहां कार्रवाई की जरूरत है और संबंधित कार्रवाई में दूसरे राज्य से किस तरह की मदद ली जानी है।

ये भी पढ़ें: रीवा से भोपाल सीधी फ्लाइट शुरू: अब डेढ़ घंटे में सफर होगा पूरा, विंध्य में हवाई सेवाओं का विस्तार

ओडिशा में भी तैनात होगा नोडल अधिकारी

गांजे की तस्करी को लेकर ओडिशा को महत्वपूर्ण स्रोत माना गया है। एडीजी डी. श्रीनिवास वर्मा ने बताया कि ओडिशा पुलिस से समन्वय कर वहां भी एक नोडल अधिकारी तैनात करवाया जाएगा। इसका उद्देश्य गांजे की खेप ओडिशा से निकलने से पहले ही तस्करी के नेटवर्क पर कार्रवाई करना है। इससे दूसरे राज्यों तक पहुंचने वाली खेपों को रास्ते में पकड़ने के साथ-साथ स्रोत स्तर पर भी नेटवर्क तोड़ने की कोशिश होगी।

गांजा तस्करी के बड़े मामले

मध्यप्रदेश और आसपास के राज्यों में ओडिशा से गांजा तस्करी के कई मामले सामने आ चुके हैं।

  • सितंबर 2024: इंदौर पुलिस ने भेरुघाट के पास एक एम्बुलेंस से ओडिशा से लाया जा रहा करीब 40 लाख रुपये का 138 किलोग्राम गांजा बरामद किया था।
  • मार्च 2025: भोपाल के एमपी नगर में क्राइम ब्रांच ने ओडिशा से गांजा लाकर बेचने वाले चार तस्करों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से 15 किलो से अधिक गांजा जब्त किया गया था।
  • दिसंबर 2025: मध्यप्रदेश एसटीएफ ने ओडिशा से ट्रक के जरिए लाई गई 599 किलोग्राम गांजे की खेप पकड़ी थी। जब्त गांजे और ट्रक की कुल कीमत करीब 2.10 करोड़ रुपये बताई गई थी।
  • दिसंबर 2025: भिंड और चंबल क्षेत्र में ओडिशा से लग्जरी कारों के जरिए गांजा सप्लाई करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह और उसके कॉर्पोरेट मॉडल का खुलासा हुआ था।
  • जुलाई 2026: ओडिशा के कंधमाल पुलिस ने अंतरराज्यीय नेटवर्क से करीब 1.5 करोड़ रुपये का 1,470 किलोग्राम गांजा पकड़ा था। इस मामले में रीवा जिले से गिरोह के मुख्य सरगना को भी पकड़ा गया था।

ये भी पढ़ें: नशे को ना, शिक्षा को हां... विश्व आदिवासी दिवस पर हजारों युवाओं ने लिया पढ़ेंगे-लड़ेंगे-जीतेंगे का संकल्प

अब सीमा पार नेटवर्क पर एक साथ कार्रवाई

पुलिस की नई रणनीति का फोकस सिर्फ मध्यप्रदेश में आने वाली ड्रग्स की खेप पकड़ने पर नहीं, बल्कि पूरे सप्लाई नेटवर्क को तोड़ने पर रहेगा। इसके लिए स्रोत राज्य से लेकर रास्ते और गंतव्य तक पुलिस के बीच सूचना साझा करने और संयुक्त कार्रवाई की व्यवस्था बनाई जा रही है। गांजा, एमडी ड्रग्स, अफीम और डोडाचूरा के अलग-अलग तस्करी मार्गों पर संबंधित राज्यों की पुलिस आपसी समन्वय से कार्रवाई करेगी। वहीं नार्को केमिकल के अवैध नेटवर्क और वांछित अपराधियों की जानकारी साझा करने से कार्रवाई का दायरा और बढ़ेगा। इस संयुक्त रणनीति के जरिए पुलिस का लक्ष्य क्रॉस बॉर्डर ड्रग्स तस्करी की पूरी चेन पर एक साथ प्रहार करना है।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

icon

Latest Posts