Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

रेप पीड़िता पर बदमाशों ने फेंका एसिड, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

भोपाल में एक 24 वर्षीय युवती पर बाइक सवार बदमाशों ने एसिड अटैक की कोशिश की। पुलिस ने शिकायत दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।
रेप पीड़िता पर बदमाशों ने फेंका एसिड, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल। प्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार रात एक 24 वर्षीय युवती पर एसिड अटैक का प्रयास किया गया। घटना पिपलानी थाना क्षेत्र की है, जहां दो अज्ञात युवक काले रंग की स्कूटी पर सवार होकर आए और युवती पर एसिड फेंक कर फरार हो गए। एसिड की कुछ बूंदें युवती के चेहरे पर पड़ीं, जिससे वह झुलस गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। वहीं, पुलिस ने शिकायत के बाद जांच शुरू कर दी है। 

    सब्जी लेने निकली थी युवती

    घटना उस समय हुई जब युवती सब्जी लेने के लिए घर से निकली थी। हमलावरों ने गणेश मंदिर के पास उस पर एसिड फेंका और मौके से फरार हो गए। हमले के दौरान युवती ने मोटे कपड़े पहन रखे थे, जिसके कारण एसिड का शरीर पर अधिक प्रभाव नहीं पड़ा, हालांकि कपड़े जल गए।

    पुरानी रंजिश का बदला

    एएसआई राजीव मिश्रा के अनुसार, पीड़िता ने कुछ समय पहले मिसरोद थाने में अपने लिव-इन पार्टनर आकाश गांगल के खिलाफ रेप का केस दर्ज कराया था। आरोपी को इस मामले में कोर्ट से जमानत मिल चुकी है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है कि क्या एसिड अटैक की कोशिश इसी केस से जुड़ी रंजिश का नतीजा थी।

    आरोपियों की तलाश जारी

    घटना की जानकारी मिलते ही पिपलानी पुलिस मौके पर पहुंची और एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने युवती को जानबूझकर निशाना बनाया।

    पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम गठित की है। देर रात पुलिस ने संदिग्धों के घरों पर दबिश भी दी, लेकिन वे फरार थे। पिपलानी थाना प्रभारी ने बताया कि वे इस मामले में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

    Priyanshi Soni
    By Priyanshi Soni

    Latest Posts