खिलचीपुर में 48 भैंसों से भरा ट्रक पकड़ा, तीन आरोपी गिरफ्तार

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में शुक्रवार देर रात पुलिस ने अवैध रूप से मवेशियों का परिवहन कर रहे एक ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक में 48 भैंसों को ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक जब्त कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
गौसेवकों को हुआ शक, 20 किलोमीटर तक किया पीछा
जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक MP06HC8076 राजगढ़ से खिलचीपुर की ओर आ रहा था। इसी दौरान गौसेवक चेतराम गुर्जर और उनके साथियों को ट्रक पर संदेह हुआ। उन्होंने करीब 20 किलोमीटर तक बाइक से ट्रक का पीछा किया, वीडियो बनाए और इसकी सूचना खिलचीपुर पुलिस को दी।
पुलिस ने नाके पर रोका ट्रक
सूचना मिलते ही पुलिस ने छापीहेड़ा नाके पर घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया। तलाशी के दौरान ट्रक के अंदर 48 भैंसें मिलीं, जिन्हें बेहद कम जगह में भरकर ले जाया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में पशुओं के साथ क्रूरता किए जाने की बात सामने आई है।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने ट्रक चालक समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है-
नदीम (32), निवासी धौलपुर, राजस्थान
भूरा (27), निवासी धौलपुर, राजस्थान
रिजवान (29), निवासी सिरोंज, मध्य प्रदेश
पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 304/26 दर्ज किया है। उनके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें किस स्थान पर ले जाया जा रहा था। मामले की जांच जारी है।












